Gold Rate: सोने की कीमत ने फिर मारी छलांग! 1.55 लाख के पार पहुंचा 24 कैरेट गोल्ड, देखें शहरवार रेट

Gold Price Today: 13 अगस्त 2026 को सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिली. दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड 1,55,020 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना मजबूत रहा. दूसरी ओर, चांदी गिरकर 2,54,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई.

नोएडा | Published: 13 Aug, 2026 | 10:21 AM

Gold-Silver Rate Today: सोने की कीमतों में एक बार फिर तेजी देखने को मिल रही है. 13 अगस्त 2026 को देश के ज्यादातर बड़े शहरों में सोने के भाव बढ़े हैं. राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत बढ़कर 1,55,020 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई है. वहीं मुंबई और कोलकाता में 24 कैरेट गोल्ड का भाव 1,54,870 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया. अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी और सराफा बाजार में मांग के चलते सोने की कीमतों को सहारा मिला है.

दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1.55 लाख के पार

दिल्ली में आज 24 कैरेट सोना 1,55,020 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,42,110 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया. मुंबई और कोलकाता में 24 कैरेट सोना 1,54,870 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,41,960 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा.

प्रमुख शहरों में सोने का भाव

शहर 22 कैरेट (₹/10 ग्राम) 24 कैरेट (₹/10 ग्राम)
दिल्ली 1,42,110 1,55,020
मुंबई 1,41,960 1,54,870
अहमदाबाद 1,42,010 1,54,920
चेन्नई 1,42,010 1,54,920
कोलकाता 1,41,960 1,54,870
हैदराबाद 1,41,960 1,54,870
जयपुर 1,42,110 1,55,020
भोपाल 1,42,010 1,54,920
लखनऊ 1,42,110 1,55,020
चंडीगढ़ 1,42,110 1,55,020

ग्लोबल मार्केट की तेजी का भी असर

सोने की कीमतों में तेजी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार का प्रदर्शन भी अहम है. ग्लोबल मार्केट में हाजिर सोना 4,412.63 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया है. इसके अलावा अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट और डॉलर में स्थिरता ने भी कीमती धातुओं को सपोर्ट दिया है. निवेशकों की नजर अब अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों पर है. इन आंकड़ों से आगे ब्याज दरों को लेकर बाजार की उम्मीदों में बदलाव आ सकता है, जिसका सीधा असर सोने की कीमतों पर पड़ सकता है.

अब सिर्फ भू-राजनीतिक तनाव से तय नहीं हो रहा भाव

सोने की कीमतों को लेकर बाजार का रुख अब थोड़ा बदल रहा है. मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज की रिपोर्ट के मुताबिक, सिर्फ दुनिया में तनाव बढ़ने से सोने के दाम लगातार नहीं बढ़ सकते. अब महंगाई, ब्याज दरों में बदलाव और केंद्रीय बैंकों के फैसले भी सोने की कीमत तय करने में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं. यानी अगर किसी देश या क्षेत्र में तनाव बढ़ता है, तो बाजार यह भी देखता है कि इसका महंगाई, ब्याज दर और अर्थव्यवस्था पर क्या असर पड़ेगा. इन सभी चीजों के आधार पर ही सोने की कीमतों में आगे तेजी या गिरावट का अंदाजा लगाया जा रहा है.

चांदी में आई गिरावट

जहां सोने की कीमत बढ़ी है, वहीं चांदी में हल्की कमजोरी देखने को मिली है. 13 अगस्त की सुबह चांदी का भाव 2,54,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया. अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट सिल्वर की कीमत करीब 66.23 डॉलर प्रति औंस दर्ज की गई. इस तरह सोने और चांदी के बाजार में आज अलग-अलग रुख देखने को मिल रहा है. सोने में तेजी के बीच चांदी की कीमत में गिरावट आई है. आने वाले दिनों में अमेरिकी महंगाई के आंकड़े और वैश्विक बाजार की हलचल दोनों कीमती धातुओं की दिशा तय करने में अहम रहेंगे.

Topics: