Latest Mandi Rate: प्याज का भाव 37 फीसदी उछला, आलू-टमाटर की कीमत में भारी गिरावट

सब्जियों की कीमतों में इस समय अलग-अलग रुख देखने को मिल रहा है. प्याज के दाम खुदरा और थोक दोनों बाजारों में बढ़े हैं, जिससे लोगों का किचन बजट प्रभावित हुआ है. दूसरी ओर, आलू और टमाटर की कीमतों में गिरावट आई है. सालाना आधार पर भी टमाटर और आलू सस्ते हुए हैं, जबकि प्याज काफी महंगा हुआ है.

नोएडा | Updated On: 21 Aug, 2026 | 04:05 PM

Onion Market Rate: किचन के बजट पर सब्जियों की कीमतों का असर अलग-अलग दिख दे रहा है. जहां एक ओर प्याज की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ाई है, वहीं दूसरी तरफ आलू और टमाटर की कीमतों में राहत देखने को मिल रही है. खास बात यह है कि प्याज रिटेल के साथ-साथ होलसेल मार्केट में भी महंगा बिक रहा है. केंद्रीय उपभोक्ता मामले विभाग की मूल्य निगरानी समिति के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को प्याज की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत 39.48 रुपये प्रति किलो रही, जबकि एक महीने पहले 20 जुलाई को यह कीमत 34.71 रुपये थी. यानी एक महीने में प्याज करीब 13.74 फीसदी महंगा हुआ है. हालांकि, एक साल पहले 20 अगस्त 2025 को प्याज की खुदरा कीमत 28.66 रुपये प्रति किलो थी. इस लिहाज से सालाना आधार पर प्याज करीब 37.75 फीसदी महंगा है.

हालांकि, रिटेल मार्केट में आलू और टमाटर की कीमतों में गिरावट  आई है. 20 अगस्त को आलू की औसत खुदरा कीमत 22.78 रुपये प्रति किलो रही, जो एक महीने पहले 22.87 रुपये थी. यानी एक महीने में मामूली 0.39 फीसदी गिरावट आई. वहीं, पिछले साल 20 अगस्त को आलू का खुदरा रेट 25.64 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया था. यानी सालाना आधार पर आलू 11.15 फीसदी सस्ता हुआ है. इसी तरह बीते 20 अगस्त को टमाटर की औसत खुदरा कीमत 38.69 रुपये प्रति किलो रही. जबकि एक महीने पहले यह 41.21 रुपये और एक साल पहले 55.27 रुपये थी. यानी टमाटर एक महीने में 6.12 फीसदी और सालाना आधार पर 30 फीसदी सस्ता हुआ है.

प्याज की औसत थोक कीमत 3,195.85 रुपये प्रति क्विंटल

बात अगर होलसेल रेट की करें तो यहां पर भी प्याज सबसे ज्यादा महंगा  रहा. इसकी कीमतों में बंपर बढ़ोतरी दर्ज की गई है. अखिल भारतीय उपभोक्ता थोक कीमतों के आंकड़ों के मुताबिक, 20 अगस्त को प्याज की औसत थोक कीमत 3,195.85 रुपये प्रति क्विंटल रही, जबकि एक महीने पहले यह 2,721.86 रुपये प्रति क्विंटल थी. यानी एक महीने में प्याज की थोक कीमत 17.41 फीसदी बढ़ी है. वहीं, एक साल में प्याज 41.86 फीसदी महंगा हुआ है.

टमाटर की थोक कीमत घटकर 2,993.49 रुपये प्रति क्विंटल रह गई

इसके उलट टमाटर की थोक कीमत घटकर 2,993.49 रुपये प्रति क्विंटल रह गई. एक महीने पहले यह 3,182.86 रुपये और एक साल पहले 4,509.01 रुपये थी. यानी टमाटर एक महीने में 5.95 फीसदी और सालाना आधार पर 33.61 फीसदी सस्ता हुआ है. खास बात यह है कि आलू का रेट भी घटा है.  अखिल भारतीय उपभोक्ता थोक कीमतों के आंकड़ों के मुताबिक, 20 अगस्त को आलू की औसत थोक कीमत 1,677.04 रुपये प्रति क्विंटल रही. एक महीने पहले यह 1,683.90 रुपये थी. यानी एक महीने में आलू की थोक कीमत 0.41 फीसदी घटी है. वहीं, एक साल पहले 20 अगस्त को आलू की थोक कीमत 1,972.73 रुपये प्रति क्विंटल थी. इस लिहाज से सालाना आधार पर आलू की कीमत 14.99 फीसदी कम हुई है.

Published: 21 Aug, 2026 | 03:22 PM

Topics: