Onion Price Hike: महाराष्ट्र की लासलगांव मंडी में प्याज की कीमतों में तेज उछाल आया है. पिछले दो कारोबारी दिनों में प्याज का औसत थोक भाव करीब 32 फीसदी बढ़कर 3,700 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया है. 14 अगस्त को यहां प्याज का औसत भाव 2,800 रुपये प्रति क्विंटल था. हालांकि, शनिवार और रविवार को मंडी बंद थी, लेकिन सोमवार यानी 17 अगस्त को दोबारा कारोबार शुरू होने पर प्याज का औसत भाव बढ़कर 3,360 रुपये प्रति क्विंटल हो गया. इसके बाद मंगलवार को कीमत में 340 रुपये प्रति क्विंटल की और तेजी आई और भाव 3,700 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया.
इस तरह सिर्फ दो कारोबारी दिनों में प्याज की कीमत में 900 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है. मंडी में कीमतों में इस तेजी से किसानों और कारोबारियों के बीच हलचल बढ़ गई है. लासलगांव APMC में प्याज के दाम बढ़ने की मुख्य वजह आवक में कमी और मांग का मजबूत रहना है. APMC के एक अधिकारी के मुताबिक, लगातार बारिश और खरीफ फसलों की खेती में किसानों के व्यस्त होने से मंडी में प्याज की आवक घट गई है.
लासलगांव मंडी में प्याज की आवक आधी
द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मंडी अधिकारियों का कहना है कि करीब दो-तीन हफ्ते पहले लासलगांव मंडी में रोजाना औसतन 15 हजार क्विंटल प्याज आ रहा था. अब इसकी आवक लगभग आधी होकर 8 हजार क्विंटल प्रतिदिन रह गई है. फिलहाल मंडी में मुख्य रूप से मार्च-अप्रैल में तैयार हुआ समर प्याज आ रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, जिन किसानों को तुरंत पैसों की जरूरत है, वही फिलहाल अपना स्टॉक मंडी में ला रहे हैं. इससे बाजार में प्याज की उपलब्धता कम हुई है और कीमतों में तेजी आई है.
समर प्याज पर टिकी बाजार की निर्भरता
लासलगांव मंडी में फिलहाल मार्च-अप्रैल में तैयार हुए समर प्याज की ही ज्यादा आवक हो रही है. इस प्याज को किसान आमतौर पर 5-6 महीने तक स्टोर करके रखते हैं और बाजार में भाव और पैसों की जरूरत के हिसाब से धीरे-धीरे बेचते हैं. आमतौर पर मई से अक्टूबर के मध्य तक नया प्याज बाजार में नहीं आता. ऐसे में इस दौरान बाजार की मांग स्टॉक किए गए समर प्याज से ही पूरी होती है. नया खरीफ प्याज अक्टूबर के मध्य तक बाजार में आने की उम्मीद है. मंगलवार को लासलगांव मंडी में प्याज का न्यूनतम भाव 1,000 रुपये और अधिकतम भाव 4,051 रुपये प्रति क्विंटल रहा. इस दिन मंडी में करीब 9,000 क्विंटल प्याज की नीलामी हुई.
बेंगलुरु में 60 रुपये किलो हुआ प्याज
बता दें कि प्याज केवल महाराष्ट्र में ही महंगा नहीं हुआ है, बल्कि दूसरे राज्यों में भी कीमतें बढ़ गई हैं. त्योहारों से पहले बेंगलुरु में सब्जियों के दाम बढ़ने लगे हैं. 21 अगस्त को वरमहलक्ष्मी और इसके बाद गणेश चतुर्थी के चलते सब्जियों की मांग बढ़ गई है. वहीं, कम बारिश और घटती आवक से प्याज के भाव भी चढ़ गए हैं. थोक में प्याज 32-35 रुपये किलो, जबकि खुदरा बाजार में 50-55 रुपये किलो बिक रहा है. अच्छी क्वालिटी का प्याज 60 रुपये किलो तक पहुंच गया है. वहीं, टमाटर का रेट 45 रुपये किलो है. इससे आम जनता के किचन का बजट बिगड़ गया है.