लाडली बहना योजना की राशि बढ़ेगी, कृषि मंत्री ने सीएम मोहन यादव को याद दिलाया वादा 

Ladli Behna Yojana : केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दतिया उपचुनाव की रैली में लाडली बहना योजना की राशि बढ़ाने के लिए सीएम मोहन यादव को वादा याद दिलाया. इस दौरान कृषि मंत्री ने रघुकुल रीति सदा चलि आई, प्राण जाए पर वचन ना जाई, चौपाई पढ़ी.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 26 Jul, 2026 | 08:32 PM

मध्य प्रदेश में महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने के लिए संचालित की जा रही लाडली बहना योजना की राशि बढ़ेगी. दतिया उपचुनाव के लिए रैली करने पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं से कहा कि जब वह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने महिलाओं को हर महीने नकद राशि देने के लिए लाडली बहना योजना शुरू की थी. उन्होंने कहा कि तब 1250 रुपये महिलाओं को दिए जाते थे, जिसे बाद में बढ़ाकर 1500 रुपये किए गए हैं. उन्होंने कहा कि अब राशि बढ़ाने का वादा पूरा करने का समय आ गया है, उन्होंने सीएम मोहन यादव को वादा याद दिलाया.

दतिया में बोले शिवराज सिंह – योजना से बहनों का सम्मान बढ़ा

दतिया में उपचुनाव का मतदान 30 जुलाई को होना है और यहां आज भाजपा प्रत्याशी के लिए रैली करने पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मेरी बहनों, लाड़ली बहना योजना मध्य प्रदेश से बनी और ऐसी बनी कि आज पूरे हिंदुस्तान में चल रही है. इस योजना से बहनों का सम्मान बढ़ा, आत्मविश्वास बढ़ा. उन्होंने कहा कि अब महिलाओं को अपने घर में पति और सास से इज्जत मिलना बढ़ गया है. उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य पैसा बांटना नहीं था, बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाना था.

योजना की राशि बढ़ाकर 3 हजार करने का वक्त आ गया है – शिवराज सिंह

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार लगातार योजना चला रही है, अब 1500 रुपये महिलाओं को दिए जाते हैं. उन्होंने कहा कि आगे बढ़कर यह राशि 3 हजार जाएगी. उन्होंने कहा कि योजना की शुरुआत में 1250 रुपये महिलाओं को दिए जाते थे, जिसे बाद में बढ़ाकर 1500 रुपये किए गए हैं. उन्होंने कहा कि अब राशि बढ़ाने का वादा पूरा करने का समय आ गया है, उन्होंने सीएम मोहन यादव को वादा याद दिलाया. कहा- रघुकुल रीति सदा चलि आई, प्राण जाय पर वचन ना जाई.

1.25 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को हर महीने मिलते हैं 1500 रुपये

मध्य प्रदेश सरकार अब तक लाडली बहना योजना की 38 किस्त का पैसा जारी कर चुकी है. लाडली बहना योजना  की लाभार्थी महिलाओं की संख्या 1 करोड़ 25 लाख 15 हजार है. इन लाभार्थियों को हर किस्त में 1835 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि जारी की जाती है. वर्तमान में महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये का भुगतान किया जाता है. इस राशि में बढ़ोत्तरी की उम्मीदों को शिवराज सिंह के बयान से फिर बल मिला है.

नवंबर 2025 में बढ़ा था योजना का पैसा

महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने के लिए उनके बैंक खातों में सिंगल क्लिक के जरिए राशि ट्रांसफर की जाती है. राज्य सरकार की ओर से पिछली बार माह नवंबर 2025 में मासिक आर्थिक सहायता राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद सभी पात्र लाभार्थी महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये की निरंतर वित्तीय सहायता मिल रही है. अब इसमें 1500 रुपये बढ़ाकर 3000 करने की उम्मीद बढ़ गई है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कब से राशि बढ़ोत्तरी लागू होगी.

3 साल से महिलाओं को दी जा रही लाडली योजना की किस्त

मध्य प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक संबल देने के लिए लाडली बहना योजना की राशि जारी करती है. यह राशि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही आत्मविश्वास भी देती है. लाड़ली बहनों की राशि डालते डालते लगभग तीन साल हो गए हैं. मध्य प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना (Ladli Behna Yojana) की आधिकारिक घोषणा 28 जनवरी 2023 को की गई थी और महिलाओं के बैंक खातों में पहली किस्त का पैसा 5 मार्च 2023 को पहुंचा था.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 26 Jul, 2026 | 08:09 PM

लेटेस्ट न्यूज़