लाडली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 3 हजार होगी! 23 हजार करोड़ बजट में 1700 करोड़ और जोड़े  

Ladli Behna Yojana : केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन में पीएम किसान सम्मान निधि के कार्यक्रम में कहा कि लाडली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 3 हजार रुपये करने का लक्ष्य है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 21 Jun, 2026 | 12:55 PM

मध्य प्रदेश सरकार की महिलाओं को आर्थिक रूप में आत्मनिर्भर बनाने के लिए लाडली बहना योजना के तहत दी जा रही नकद राशि को बढ़ाने की तैयारी कर ली गई है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन में पीएम किसान सम्मान निधि के कार्यक्रम में कहा कि लाडली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 3 हजार रुपये करने का लक्ष्य है. इसके लिए कई बार वादा किया जा चुका है और अब इसे लागू करने की तैयारी शुरू की जा रही है. बता दें कि योजना के लिए इस बार के बजट में 23 हजार करोड़ से अधिक राशि आवंटित की गई थी, जिसमें 1700 करोड़ से अधिक राशि बाद में और जोड़ी गई है. हालांकि, राशि को बढ़ाकर दोगुना करने पर योजना का कुल बजट 47 हजार करोड़ से ज्यादा करना होगा.

रायसेन में शिवराज सिंह ने किसानों को संबोधित किया

मध्य प्रदेश के रायसेन में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसान सम्मेलन में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं किसानों तक पहुंचाई जा रही हैं. उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है. किसानों से किसान क्रेडिट कार्ड और फसल बीमा योजना का लाभ लेने का आग्रह किया गया.

केंद्रीय मंत्री बोल लाडली बहना योजना की राशि 3 हजार की जाएगी

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना, लाड़ली बहना योजना और आजीविका मिशन का उल्लेख करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने बताया कि लाड़ली बहना योजना की राशि भविष्य में तीन हजार रुपये तक बढ़ाने का लक्ष्य है. साथ ही युवाओं के लिए रायसेन में “मामा कोचिंग क्लास” शुरू करने की घोषणा भी की. केंद्रीय मंत्री के बयान के बाद राशि तीन हजार बढ़ाने को लेकर गंभीरता से कार्रवाई तेज कर दी गई है.

महिलाओं की नाराजगी के चलते राशि बढ़ाने का जिक्र करना पड़ा

हाल ही में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी कुछ लाडली बहनों से मिले थे. उसका वीडियो उन्होंने शेयर किया, जिसमें लाडली बहनों की नाराजगी खुलकर सामने आई. महिलाओं ने साफ कहा कि 1500 रुपये की राशि बिजली बिल, दवाइयों और रोजमर्रा के खर्चों में ही खत्म हो जाती है. एक महिला ने कहा कि अगर घर में कोई बीमार पड़ जाए तो केवल इलाज में ही पूरी रकम खत्म हो जाती है. ऐसे में इस सहायता से परिवार की आर्थिक स्थिति में कोई बड़ा बदलाव नहीं आता. वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में इस मुद्दे ने नया मोड़ ले लिया. अब महिलाओं की नाराजगी को शांत करने के लिए फिर से केंद्रीय कृषि मंत्री ने राशि बढ़ाने की बात कही है.

राशि बढ़ाने पर बजट 47 हजार करोड़ करना होगा

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार ने इस बार के बजट में लाड़ली बहना योजना के लिए 23,882 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि आवंटित की है, जो बीते साल की तुलना में अधिक है. वर्तमान में इस योजना का लाभ प्रदेश की 1 करोड़ 26 लाख पंजीकृत महिलाएं उठा रही हैं.  वहीं, बीते नवंबर 2025 में लाडली बहना योजना के तहत दी जाने वाली राशि 1250 को बढ़ाकर 1500 रुपये किया गया. योजना में 250 रुपये की बढ़ोत्तरी किए जाने पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1,793 करोड़ 75 लाख रुपये के अतिरिक्त बजट में जोड़े गए.

अब अगर राशि को 1500 से बढ़ाकर 3 हजार रुपये किया जाता है तो लाडली बहना योजना का बजट भी दोगुना यानी 47 हजार करोड़ से अधिक करना होगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 21 Jun, 2026 | 12:50 PM

लेटेस्ट न्यूज़