चीनी के दाम लगातार चौथे दिन 60 रुपये से नीचे.. त्योहारों में फिर बढ़ सकती है कीमत

देश में चीनी की औसत खुदरा कीमत लगातार चौथे दिन 60 रुपये प्रति किलो से नीचे रही. सोमवार को भाव 59.57 रुपये प्रति किलो दर्ज हुआ. आंध्र प्रदेश और केरल में कीमतें बढ़ीं, जबकि महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में गिरावट आई. सरकार ने चीनी आयात की अनुमति दी है. 2025-26 के लिए उत्पादन अनुमान घटकर 306 लाख टन हुआ है.

नोएडा | Updated On: 15 Sep, 2026 | 08:37 AM

Sugar Price Fall: देश में चीनी की औसत खुदरा कीमत लगातार चौथे दिन 60 रुपये प्रति किलो से नीचे बनी हुई है. सरकार की ओर से उठाए गए कई कदमों के बाद चीनी के दाम में नरमी आई है. हालांकि, त्योहारों की बढ़ती मांग के चलते कुछ इलाकों में कीमतों पर फिर से दबाव बढ़ा है. उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को चीनी की औसत खुदरा कीमत 59.57 रुपये प्रति किलो रही. रविवार को यह 58.99 रुपये प्रति किलो थी. यानी एक दिन में कीमत में मामूली बढ़ोतरी हुई है.

बिजनेसलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी की कीमत शुक्रवार को पहली बार 60 रुपये प्रति किलो से नीचे आई थी. इसके बाद पिछले तीन दिनों में इसमें और नरमी देखी गई. हालांकि, मौजूदा औसत कीमत अभी भी 21 अगस्त के 58.23 रुपये प्रति किलो से ज्यादा है. 21 अगस्त को केंद्र सरकार ने चीनी की कीमतों  पर लगाम लगाने के लिए चीनी आयात की अनुमति समेत कई कदम उठाए थे.

चीनी की खुदरा कीमतों में अलग-अलग राज्यों में अलग रुख

देश में चीनी की खुदरा कीमतों में अलग-अलग राज्यों में अलग रुख देखने को मिल रहा है. उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को चीनी की अधिकतम खुदरा कीमत 85 रुपये प्रति किलो और न्यूनतम कीमत 40 रुपये प्रति किलो रही. खास बात यह है कि दक्षिणी राज्यों में आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में चीनी के दाम बढ़े, जबकि तमिलनाडु और केरल में मामूली गिरावट दर्ज की गई है.

आंध्र प्रदेश-केरल में चीनी महंगी, महाराष्ट्र-यूपी में दाम घटे

आंध्र प्रदेश में चीनी की औसत खुदरा कीमत 21 अगस्त के 49.58 रुपये से बढ़कर सोमवार को 55.56 रुपये प्रति किलो हो गई. वहीं, केरल में कीमत 56.75 रुपये से बढ़कर 57.80 रुपये प्रति किलो पहुंच गई. दूसरी ओर, प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में कीमतों में नरमी आई है. महाराष्ट्र में औसत खुदरा भाव 59 रुपये से घटकर 58.22 रुपये प्रति किलो रह गया. उत्तर प्रदेश में भी कीमत 59.64 रुपये से घटकर 57.88 रुपये प्रति किलो हो गई. अन्य राज्यों में मध्य प्रदेश में चीनी के दाम में सबसे ज्यादा गिरावट आई. यहां औसत कीमत 62.36 रुपये से घटकर 56.57 रुपये प्रति किलो रह गई. पश्चिम बंगाल में कीमत मामूली घटकर 60.43 रुपये प्रति किलो हो गई, जो 21 अगस्त को 60.95 रुपये थी.

चीनी उत्पादन अनुमान घटाकर 306 लाख टन किया

केंद्र सरकार ने चीनी की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए कई कदम उठाए हैं. 21 अगस्त को सरकार ने चीनी के आयात की अनुमति दी थी. इसके साथ ही थोक खरीदारों और डीलरों के लिए चीनी के स्टॉक  रखने के नियम भी सख्त किए गए. सरकार ने चीनी मिलों पर कीमतें बढ़ाने का आरोप लगाया है. सरकार का कहना है कि देश में घरेलू मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त चीनी का स्टॉक मौजूद है. हालांकि, सरकार ने 2025-26 के चीनी विपणन वर्ष के लिए उत्पादन का अनुमान घटा दिया है. अब उत्पादन 306 लाख टन रहने का अनुमान है, जबकि पहले 343 लाख टन का अनुमान लगाया गया था. देश में चीनी की सालाना घरेलू खपत करीब 280-285 लाख टन रहने का अनुमान है. यानी उत्पादन और घरेलू मांग के बीच अंतर काफी कम रह गया है.

Published: 15 Sep, 2026 | 08:28 AM

Topics: