रागी डोसा, कश्मीरी पुलाव और लखनवी कबाब! BRICS मेहमानों ने चखा भारत का हर रंग
BRICS Summit में दुनिया के बड़े नेताओं और प्रतिनिधियों के बीच सिर्फ कूटनीति की बातें नहीं होंगी, बल्कि भारत का स्वाद भी चर्चा में रहेगा. मेहमानों की मेज पर रागी डोसा और बाजरा उपमा से लेकर कश्मीरी पुलाव, हैदराबादी बिरयानी और लखनवी कबाब तक परोसे जाएंगे. खास बात यह है कि हर डिश के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों की खान-पान की परंपरा दिखाने की कोशिश होगी. विदेशी मेहमानों की पसंद और डाइट का ध्यान रखते हुए मेन्यू तैयार किया गया है, ताकि BRICS की मेज पर भारत की पूरी स्वाद वाली तस्वीर नजर आए.
मिलेट्स और देसी स्वाद से शुरुआत — मेहमानों को रागी डोसा, बाजरा उपमा, मिलेट पोंगल जैसे श्री अन्न से बने व्यंजन मिलेंगे. साथ में मौसमी फल, नारियल पानी और ताजा छाछ भी परोसी जाएगी.
देशभर के क्षेत्रीय व्यंजनों की झलक — लंच में गुजराती और राजस्थानी थाली के साथ साउथ इंडियन स्वाद, कश्मीरी पुलाव, दक्कनी व्यंजन, हैदराबादी वेज और नॉन-वेज बिरयानी तथा साउथ इंडियन स्ट्यू शामिल होंगे.
विदेशी मेहमानों की पसंद का खास ध्यान — अलग-अलग देशों के प्रतिनिधियों की डाइट और खाने की आदतों के मुताबिक मेन्यू तैयार किया गया है. लाइव कुकिंग काउंटर पर बिना तेल और कम मसाले वाले कॉन्टिनेंटल नाश्ते के विकल्प भी मिलेंगे.
डिनर में भी दिखेगी भारतीय विविधता — विदेश मंत्री एस. जयशंकर की ओर से भारत मंडपम में दिए जाने वाले डिनर में अलग-अलग राज्यों के शेफ मिलकर खाना तैयार करेंगे. लखनवी कबाब, तंदूरी व्यंजन और धीमी आंच पर बनी भारतीय ग्रेवी भी मेन्यू का हिस्सा होंगी.
VVIP मेहमानों के लिए खास इंतजाम — दिल्ली के ताज महल होटल, ताज पैलेस, ITC मौर्या, द लीला पैलेस, द ओबेरॉय, शांगरी-ला और द ललित जैसे बड़े होटलों में विदेशी नेताओं और प्रतिनिधिमंडलों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. शाकाहारी और नॉन-वेज खाने के लिए अलग सेक्शन और डेडिकेटेड किचन भी रखे गए हैं.
खाने की सुरक्षा पर सख्त निगरानी — FSSAI होटल में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, मसालों और बेकरी उत्पादों की लैब टेस्टिंग कर रहा है. किचन में फूड सेफ्टी अधिकारियों और माइक्रोबायोलॉजिस्ट की निगरानी रहेगी, ताकि VVIP मेहमानों को सुरक्षित और अच्छी क्वालिटी का खाना परोसा जा सके.