राजस्थान के 66 लाख किसानों को सौगात, आज मिलेगी सीएम किसान सम्मान निधि और फसल बीमा का पैसा

Rajasthan Kisan Samman Nidhi : राजस्थान के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की छठी किस्त का इंतजार अब खत्म हो गया है. केंद्रीय मंत्री अमित शाह और सीएम भजनलाल शर्मा आज किसानों के खाते में राशि ट्रांसफर करेंगे. इसके अलावा फसल बीमा का पैसा भी किसानों के खाते में भेजा जाएगा.

नोएडा | Updated On: 16 Aug, 2026 | 01:21 PM

राजस्थान के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है, दरअसल लंबे समय से अटकी मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त का पैसा आज उनके खाते में ट्रांसफर किया जाएगा. इतना ही नहीं, किसानों के बैंक खातों में फसल बीमा योजना की मुआवजा राशि भी जारी की जाएगी. केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा आज 16 अगस्त को अलवर से किसानों को यह राशि भेजेंगे. इसके अलावा भी कई विकास योजनाओं की सौगात भी राजस्थान के किसानों को आज मिलने वाली है.

मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि का इतंजार खत्म

राजस्थान के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत सालाना 6,000 रुपये केंद्र सरकार की ओर से दिए जाते हैं. इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त 3,000 की राशि मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के रूप में दी जाती है, जिससे किसानों को कुल 9,000 रुपये सालाना मिलती है. मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 5वीं किस्त 22 जनवरी 2026 को जारी की गई थी और छठी किस्त जून में जारी होनी थी, लेकिन किसानों को लंबा इंतजार करना पड़ा है, जो आज खत्म हो रहा है. राजस्थान के किसानों के खाते में आज किसान सम्मान निधि का पैसा जारी किया जा रहा है.

66 लाख किसानों के खाते में पहुंचेंगे 667 करोड़

राजस्थान में मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की छठी किस्त आज 16 अगस्त 2026 को दोपहर 3.30 बजे DBT के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में जारी की जाएगी. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अलवर के विजयनगर ग्राउंड से राज्य के 66.74 लाख किसानों को 667.40 करोड़ रुपये की राशि जारी करेंगे.

फसल बीमा के 152 करोड़ रुपये किसानों को मिलेंगे

केंद्रीय मंत्री अमित शाह कार्यक्रम के दौरान फसल बीमा योजना की राशि भी किसानों के खाते में जारी करेंगे. बाढ़, बारिश और सूखे की वजह से बर्बाद फसलों की भरपाई के लिए राज्य के पीड़ित किसानों के खाते में फसल बीमा के 152 करोड़ रुपये भी वितरित किए जाएंगे. पीएम फसल बीमा योजना के तहत किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से बचने के लिए आर्थिक मदद की जाती है.

17 जिलों के लिए 6 हजार करोड़ की विकास परियोजनाएं

केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समारोह के दौरान राजस्थान के 17 जिलों में 6,262 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का ई-शिलान्यास एवं ई-लोकार्पण किया जाएगा. इसके अलावा रोजगार उत्सव के तहत राज्य के 10548 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे.

Published: 16 Aug, 2026 | 12:38 PM

Topics: