PM Kisan को लेकर बड़ा अपडेट! इस दिन जारी हो सकती है 23वीं किस्त, लेकिन पहले करने होंगे ये जरूरी काम

PM Kisan 23rd Installment: पीएम किसान योजना के तहत किसानों को हर साल 6000 रुपये की सहायता तीन किस्तों में दी जाती है. सरकार अब तक 22वीं किस्त जारी कर चुकी है और अब किसानों को 23वीं किस्त का इंतजार है, जो जून या जुलाई 2026 में आने की संभावना है. हालांकि, e-KYC, आधार-बैंक लिंकिंग और जमीन का सत्यापन पूरा नहीं होने पर किसानों की किस्त अटक सकती है.

नोएडा | Updated On: 19 May, 2026 | 07:54 PM

PM Kisan 23vi Kist: देश के किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार कई योजनाएं चला रही है. इन्हीं में सबसे लोकप्रिय योजना प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan) है. इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि 2000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाती है. अब तक सरकार इस योजना की 22 किस्तें जारी कर चुकी है, जिससे करोड़ों किसानों को लाभ मिल चुका है. अब किसानों की नजर 23वीं किस्त पर टिकी हुई है.

कब आ सकती है 23वीं किस्त?

पीएम किसान योजना के तहत किस्तें साल में तीन बार जारी की जाती हैं. पहला चरण अप्रैल से जुलाई, दूसरा अगस्त से नवंबर और तीसरा दिसंबर से मार्च के बीच होता है. 22वीं किस्त मार्च 2026 में जारी हुई थी, इसलिए अगली यानी 23वीं किस्त अप्रैल-जुलाई चक्र के तहत आने की संभावना है.

पिछले रिकॉर्ड को देखें तो अनुमान लगाया जा रहा है कि जून या जुलाई 2026 के बीच किसानों के खातों में अगली किस्त भेजी जा सकती है. हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है.

ये 3 काम पूरे नहीं किए तो रुक सकती है किस्त

सरकार ने साफ कर दिया है कि केवल उन्हीं किसानों को योजना का लाभ मिलेगा, जिनकी सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होंगी. ऐसे में किसानों को ये तीन काम जल्द से जल्द पूरे कर लेने चाहिए.

e-KYC करवाना जरूरी

अब पीएम किसान योजना में e-KYC अनिवार्य कर दिया गया है. किसान नजदीकी CSC सेंटर पर जाकर बायोमेट्रिक e-KYC करवा सकते हैं. इसके अलावा आधिकारिक पोर्टल पर OTP के जरिए घर बैठे भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. e-KYC अधूरी होने पर किस्त अटक सकती है.

आधार और बैंक खाते की लिंकिंग

जिस बैंक खाते में योजना की राशि आती है, उसका आधार कार्ड से लिंक होना जरूरी है. DBT सिस्टम के तहत अगर आधार सीडिंग पूरी नहीं होगी तो भुगतान फेल हो सकता है. इसलिए किसानों को बैंक जाकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनका खाता आधार से जुड़ा हो.

भू-सत्यापन जरूरी

सरकार अब किसानों की जमीन का सत्यापन भी करा रही है. जिन किसानों का लैंड वेरिफिकेशन अभी तक पूरा नहीं हुआ है, उनकी किस्त रोकी जा सकती है. इसके लिए स्थानीय कृषि विभाग या पटवारी कार्यालय से संपर्क करना होगा.

किन किसानों को नहीं मिलेगा योजना का लाभ?

सरकार फर्जी और अपात्र लाभार्थियों को हटाने के लिए लगातार जांच कर रही है. ऐसे में कुछ किसानों को योजना का लाभ नहीं मिलेगा. इनमें वे लोग शामिल हैं जिन्होंने 1 फरवरी 2019 के बाद जमीन खरीदी है, एक ही परिवार में पति-पत्नी दोनों योजना का लाभ ले रहे हैं, सरकारी नौकरी करने वाले या आयकर देने वाले किसान और गलत दस्तावेज जमा करने वाले लाभार्थी.

22वीं किस्त से करोड़ों किसानों को मिला फायदा

पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त 13 मार्च 2026 को जारी की गई थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी से इस किस्त को जारी किया था. इस दौरान देशभर के लगभग 9.3 करोड़ किसानों के खातों में 2000 रुपये ट्रांसफर किए गए. सरकार का दावा है कि यह योजना किसानों को खेती के खर्चों में मदद देने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से चलाई जा रही है.

 

Published: 19 May, 2026 | 11:30 PM

Topics: