PM Kisan से अगले 5 साल तक मिलेंगे 6,000 रुपये! अभी करें रजिस्ट्रेशन, वरना छूट जाएगा मौका

केंद्र सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना को 2030 तक जारी रखने का फैसला किया है. पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये मिलते रहेंगे. अगर आपने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, तो ऑनलाइन या CSC केंद्र पर आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते हैं.

नोएडा | Published: 2 Aug, 2026 | 12:47 PM

 Pradhan Mantri Kisan Samman Nidhi: देश के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है. केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan) योजना को वित्त वर्ष 2030-31 तक जारी रखने का फैसला किया है. इसके लिए सरकार ने 3.15 लाख करोड़ रुपये के वित्तीय प्रावधान को मंजूरी दी है. इस फैसले से पात्र किसानों को अगले कई वर्षों तक हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिलती रहेगी. अगर कोई किसान अभी तक इस योजना से नहीं जुड़ा है, तो वह ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों तरीकों से आवेदन कर सकता है.

हर साल तीन किस्तों में मिलते हैं 6,000 रुपये

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना  की शुरुआत फरवरी 2019 में हुई थी. इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की सहायता दी जाती है. यह राशि 2,000-2,000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाती है. सरकार पूरी प्रक्रिया को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT), आधार प्रमाणीकरण और डिजिटल सत्यापन के माध्यम से संचालित करती है. इससे सहायता राशि सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंचती है और पारदर्शिता बनी रहती है.

23 किस्तों में किसानों को मिला बड़ा लाभ

पीएम किसान योजना के तहत अब तक 23 किस्तें जारी की जा चुकी हैं. इन किस्तों के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की जा चुकी है. योजना की 23वीं किस्त में 9.49 करोड़ से अधिक किसानों को 18,984 करोड़ रुपये जारी किए गए. इस योजना का लाभ महिला किसानों तक भी बड़ी संख्या में पहुंचा है.

अब तक 1.06 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता महिला किसानों को मिल चुकी है. कुल लाभार्थियों में लगभग हर चौथा किसान महिला है. सरकार का मानना है कि समय पर मिलने वाली यह आर्थिक सहायता किसानों को बीज, खाद, कीटनाशक और खेती से जुड़ी अन्य जरूरतों को पूरा करने में मदद करती है. इससे खेती की लागत कम करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी सहायता मिलती है.

ऐसे करें ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन

अगर आप पात्र किसान हैं और अभी तक इस योजना का लाभ  नहीं ले रहे हैं, तो आवेदन करना काफी आसान है. ऑनलाइन आवेदन के लिए सबसे पहले PM Kisan की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. वहां ‘New Farmer Registration’ विकल्प चुनें. इसके बाद अपना आधार नंबर, राज्य और मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी से सत्यापन करें. फिर व्यक्तिगत जानकारी, भूमि से जुड़ी जानकारी और बैंक खाते का विवरण भरकर आवेदन जमा कर दें. जो किसान ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकते, वे अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), कृषि विभाग के कार्यालय या सरकारी सेवा केंद्र पर जाकर भी आवेदन करा सकते हैं.

आवेदन से पहले रखें ये दस्तावेज तैयार

पीएम किसान योजना में आवेदन करने के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखना जरूरी है. इनमें आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, बैंक खाते की जानकारी, भूमि रिकॉर्ड (खसरा-खतौनी) और निवास संबंधी जानकारी शामिल है. यदि सभी दस्तावेज सही हैं और पात्रता पूरी होती है, तो आवेदन की जांच के बाद किसान का नाम योजना में जोड़ दिया जाता है. इसके बाद सरकार की ओर से जारी होने वाली अगली किस्त सीधे बैंक खाते  में भेजी जाती है. ऐसे में जिन किसानों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उनके लिए यह योजना से जुड़ने का अच्छा अवसर है, ताकि आने वाले वर्षों तक हर साल मिलने वाली आर्थिक सहायता का लाभ उठाया जा सके.

Topics: