अब किसान नहीं होंगे परेशान, GPS तकनीक से कम लागत में बढ़ेगी पैदावार, जानें कैसे
GPS तकनीक की मदद से किसान अपने ट्रैक्टर और खेती की मशीनों पर भी नजर रख सकते हैं. कौन-सी मशीन कहां काम कर रही है, कितने समय से चल रही है और कब सर्विस की जरूरत है, यह जानकारी आसानी से मिल जाती है. इससे मशीन खराब होने से पहले ही उसकी मरम्मत कराई जा सकती है.
GPS farming: आज का किसान सिर्फ हल चलाने वाला मजदूर नहीं रहा, बल्कि वह नई तकनीकों को समझने वाला समझदार और जागरूक किसान बन चुका है. इसी बदलाव में GPS तकनीक किसानों के लिए बड़ी मदद साबित हो रही है. जिस तरह मोबाइल फोन में GPS हमें सही रास्ता दिखाता है, उसी तरह खेती में भी यह तकनीक खेत की हर छोटी-बड़ी जानकारी देकर किसानों का काम आसान बना रही है. लेकिन अधिकतर किसान अब भी GPS के बड़े फायदे नहीं जान पाएं हैं, तो चलिए जानते हैं कैसे आप इस तकनीक का खेती में इस्तेमाल कर सकते हैं.
खेतों में बड़ा फायदा
GPS यानी ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम सैटेलाइट से मिलने वाले सिग्नल के जरिए काम करता है. यह मशीनों को सही लोकेशन और दिशा बताता है.
खेती में जब GPS को ट्रैक्टर और दूसरी मशीनों से जोड़ा जाता है, तो खेत में काम ज्यादा सटीक तरीके से होने लगता है. इससे बीज सही जगह पर गिरते हैं, खाद जरूरत के हिसाब से डाली जाती है और पानी की भी बचत होती है. पहले कई बार खेत में एक ही जगह दोबारा जुताई या बुवाई हो जाती थी, जिससे समय और पैसा दोनों खराब होते थे. लेकिन GPS तकनीक इस समस्या को काफी हद तक खत्म कर रही है.
ऑटो-स्टीयरिंग सिस्टम ने घटाई किसानों की थकान
अब कई आधुनिक ट्रैक्टर GPS आधारित ऑटो-स्टीयरिंग सिस्टम के साथ आ रहे हैं. इसकी मदद से ट्रैक्टर अपने तय रास्ते पर खुद चल सकता है. इससे किसान को बार-बार ट्रैक्टर मोड़ने या लाइन देखने की जरूरत कम पड़ती है. लंबे समय तक काम करने पर भी थकान कम होती है और खेत में सीधी लाइन में बुवाई और जुताई होती है. सीधी और बराबर दूरी पर बोई गई फसल अच्छी बढ़ती है, जिससे पैदावार भी बेहतर मिलती है.
अब अंदाज से नहीं, डेटा देखकर हो रही खेती
खेती में सबसे बड़ी समस्या यह होती थी कि किसान कई फैसले अनुभव और अंदाज के आधार पर लेते थे. लेकिन अब GPS और सेंसर तकनीक की मदद से खेत की असली स्थिति का पता लगाया जा सकता है.
मिट्टी में कितनी नमी है, किस हिस्से में खाद की ज्यादा जरूरत है, फसल कितनी स्वस्थ है और कहां पैदावार कम हो सकती है, यह सारी जानकारी अब मशीनों से मिल जाती है. इससे किसान सही समय पर सही फैसला ले पाते हैं और नुकसान कम होता है.
कोहरे और अंधेरे में भी आसान हुआ काम
GPS तकनीक का फायदा सिर्फ दिन में ही नहीं मिलता, बल्कि किसान रात या कोहरे में भी आसानी से खेत का काम कर सकते हैं. पहले धुंध या कम रोशनी में ट्रैक्टर चलाना मुश्किल होता था. लाइनें बिगड़ जाती थीं और कई बार काम दोबारा करना पड़ता था. लेकिन अब GPS मशीनों को सही दिशा देता रहता है.
खाद, पानी और डीजल की हो रही बचत
खेती की लागत लगातार बढ़ती जा रही है. खाद, कीटनाशक, डीजल और मजदूरी सब कुछ महंगा हो चुका है. ऐसे में GPS तकनीक किसानों के खर्च को कम करने में मदद कर रही है. जब खेत में सिर्फ जरूरत के हिसाब से खाद और कीटनाशक डाले जाते हैं, तो फालतू खर्च नहीं होता. इससे मिट्टी भी खराब नहीं होती और पर्यावरण को भी कम नुकसान पहुंचता है.
मशीनों की देखभाल भी हुई आसान
GPS तकनीक की मदद से किसान अपने ट्रैक्टर और खेती की मशीनों पर भी नजर रख सकते हैं. कौन-सी मशीन कहां काम कर रही है, कितने समय से चल रही है और कब सर्विस की जरूरत है, यह जानकारी आसानी से मिल जाती है. इससे मशीन खराब होने से पहले ही उसकी मरम्मत कराई जा सकती है.
छोटे किसानों के लिए भी उम्मीद
हालांकि GPS तकनीक वाली मशीनें शुरुआत में थोड़ी महंगी लग सकती हैं, लेकिन लंबे समय में यह किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो रही हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि इससे खेती की लागत कम होती है और पैदावार बढ़ती है. कई राज्यों में सरकारें भी किसानों को आधुनिक मशीनों पर सब्सिडी दे रही हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान नई तकनीक अपना सकें.
खेती का भविष्य बदल रही तकनीक
आज खेती धीरे-धीरे स्मार्ट खेती की तरफ बढ़ रही है. अब किसान सिर्फ मेहनत नहीं कर रहा, बल्कि समझदारी और तकनीक के सहारे खेती को बेहतर बना रहा है. GPS जैसी तकनीकें किसानों का समय बचा रही हैं, मेहनत कम कर रही हैं और कमाई बढ़ाने में मदद कर रही हैं. आने वाले समय में खेती में तकनीक की भूमिका और बढ़ने वाली है. ऐसे में जो किसान नई तकनीकों को अपनाएंगे, उन्हें खेती में ज्यादा फायदा मिलने की उम्मीद है.