सीएम हेमंत सोरेन का बड़ा फैसला..कैबिनेट में 23 प्रस्ताव मंजूर, किसानों और युवाओं को मिल सकती राहत
झारखंड सरकार की कैबिनेट बैठक में आज कई ऐतिहासिक और बड़े फैसलों पर मुहर लगी है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई इस कैबिनेट बैठक में कुल 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है. इनमें सबसे बड़ा और राहत देने वाला फैसला वन्यजीवों (जंगली जानवरों) के हमले से जुड़ा है. सरकार ने वन्यजीव हमले में होने वाली मौत पर मिलने वाले मुआवजे की राशि को 4 लाख रुपये से बढ़ाकर सीधे 10 लाख रुपये कर दिया है. इसके अलावा, राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सड़कों और सिंचाई परियोजनाओं को लेकर भारी-भरकम बजट पास किया गया है. सरकार ने सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 162 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि मंजूर की है. वहीं, पलामू जिले के किसानों के लिए एक बड़ी खुशखबरी देते हुए अमानत बराज सिंचाई परियोजना के लिए 947 करोड़ रुपये से अधिक की संशोधित लागत को भी हरी झंडी दिखा दी गई है.