देशभर में फिर सक्रिय हुआ मॉनसून! दिल्ली-UP समेत इन राज्यों में भारी बारिश, आंधी-बिजली का अलर्ट

IMD Weather Update: सितंबर की शुरुआत में देश के कई राज्यों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान के साथ पहाड़ी राज्यों में भी बारिश हो सकती है. वहीं पूर्वोत्तर, मध्य भारत और दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.

नोएडा | Published: 1 Sep, 2026 | 07:11 AM

Aaj Ka Mausam: सितंबर की शुरुआत के साथ देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान से लेकर पहाड़ी राज्यों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. वहीं पूर्वोत्तर, मध्य और दक्षिण भारत के कई इलाकों में भी तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी और बहुत भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है. बंगाल की खाड़ी के पास बना निम्न दबाव का क्षेत्र आगे बढ़ रहा है. इसके अलावा उत्तर पाकिस्तान और जम्मू के आसपास भी ऊपरी हवा का एक सिस्टम सक्रिय है. इन सभी मौसमी सिस्टम के असर से सितंबर के शुरुआती दिनों में कई राज्यों में बारिश का दौर तेज हो सकता है.

दिल्ली में बादल और हल्की बारिश के आसार

राजधानी दिल्ली में 1 सितंबर को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. दोपहर से शाम के बीच कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने जैसी स्थिति भी बन सकती है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. हवाओं की रफ्तार करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है.

यूपी और बिहार में बारिश बढ़ाएगी परेशानी

उत्तर प्रदेश में सितंबर की शुरुआत बारिश के साथ हो सकती है. पूर्वी यूपी में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जबकि पश्चिमी हिस्सों में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. पूर्वी यूपी में 1 सितंबर तक कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है. इसके बाद 2 से 6 सितंबर के बीच भी कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. बिहार में भी 1 से 4 सितंबर तक मौसम सक्रिय रह सकता है. कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी और बहुत भारी बारिश हो सकती है. गरज-चमक और तेज हवाओं का असर भी देखने को मिल सकता है.

राजस्थान में भी बारिश का दौर

राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में 1 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. 2 से 6 सितंबर के बीच कई जगहों पर बारिश जारी रहने का अनुमान है. 3 और 4 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी राजस्थान में इस दौरान छिटपुट बारिश के आसार हैं.

पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी सितंबर की शुरुआत बारिश वाली रहने वाली है. हिमाचल प्रदेश में 1 से 4 सितंबर तक कई जगह बारिश हो सकती है और कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका है. उत्तराखंड में 1 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके बाद 2 से 6 सितंबर तक भी अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

पूर्वोत्तर में भी जमकर बरसेंगे बादल

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 1 से 6 सितंबर के बीच कई जगह बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश में कुछ दिनों के दौरान भारी बारिश की संभावना है. असम और मेघालय में भी तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.

मध्य भारत और दक्षिण में भी बारिश

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 1 से 6 सितंबर तक बारिश का असर बना रह सकता है. पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है. विदर्भ में भी 1 से 4 सितंबर तक बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने जैसी स्थिति बन सकती है. दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. केरल, लक्षद्वीप और तटीय कर्नाटक में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

Topics: