दिल्ली-NCR में CNG फिर हुई महंगी, 3.89 रुपये किलो बढ़े दाम, अब इतने रुपये में मिलेगी गैस

Delhi CNG Price: दिल्ली-NCR में CNG की कीमत 3.89 रुपये प्रति किलो बढ़ गई है. IGL की नई दरें 29 अगस्त 2026 से लागू हो गई हैं. दिल्ली में CNG अब 86.98 रुपये प्रति किलो, जबकि नोएडा-गाजियाबाद में 95.59 रुपये किलो हो गई है. इस बढ़ोतरी का असर CNG कार, ऑटो और टैक्सी चलाने वालों के रोजाना के खर्च पर पड़ सकता है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 29 Aug, 2026 | 07:43 AM

CNG Price Hike: दिल्ली-NCR में रहने वाले लोगों के लिए CNG को लेकर बड़ी खबर है. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है. कंपनी ने शनिवार, 29 अगस्त 2026 से CNG के दाम में 3.89 रुपये प्रति किलो का इजाफा किया है. नई कीमतें लागू होने के बाद दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत कई शहरों में CNG से गाड़ी चलाना पहले के मुकाबले महंगा हो गया है.

दिल्ली में अब कितने रुपये किलो मिलेगी CNG?

कीमत बढ़ने के बाद दिल्ली में CNG का रेट 83.09 रुपये से बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलो हो गया है. वहीं नोएडा और गाजियाबाद में अब लोगों को एक किलो CNG के लिए 95.59 रुपये खर्च करने होंगे. अन्य शहरों की बात करें तो, मेरठ में CNG का नया भाव 95.47 रुपये प्रति किलो हो गया है. गुरुग्राम में यह कीमत 92.01 रुपये, जबकि रेवाड़ी में 91.59 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है. उत्तर प्रदेश के शामली में CNG का नया रेट 95.47 रुपये और कानपुर में 98.31 रुपये प्रति किलो हो गया है.

इस साल पांचवीं बार बढ़े CNG के दाम

CNG की कीमतों में इस साल यह पांचवीं बढ़ोतरी है. हालांकि मई के बाद यह पहली बार है जब IGL ने CNG के दाम बढ़ाए हैं. इससे पहले कंपनी ने 10 दिनों के भीतर चार अलग-अलग चरणों में CNG की कीमत में कुल 6 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की थी. इस बार 3.89 रुपये की बढ़ोतरी का सीधा असर CNG कार, ऑटो और टैक्सी चलाने वाले लोगों की जेब पर पड़ सकता है. खासकर रोजाना लंबी दूरी तय करने वाले लोगों का ईंधन खर्च बढ़ने की संभावना है.

CNG महंगी होने की क्या वजह है?

CNG की कीमत बढ़ने के पीछे प्राकृतिक गैस की बढ़ती लागत को एक अहम वजह माना जा रहा है. पेट्रोलियम और गैस क्षेत्र से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में तनाव के बाद कच्चे तेल के साथ-साथ प्राकृतिक गैस की कीमतों पर भी दबाव बढ़ा है. इस साल फरवरी में एशियाई LNG बेंचमार्क JKM की कीमत करीब 11 डॉलर प्रति MMBTU थी. अगस्त में यह बढ़कर करीब 23.4 डॉलर प्रति MMBTU हो गई. यानी इस दौरान कीमत लगभग दोगुनी हो गई. इसी तरह यूरोप के TTF गैस बेंचमार्क में भी तेजी देखी गई है. इसकी कीमत करीब 11.3 डॉलर से बढ़कर लगभग 23.3 डॉलर प्रति MMBTU तक पहुंच गई है.

अलग-अलग शहरों में CNG का रेट क्यों अलग?

पेट्रोल और डीजल की तरह CNG की कीमत भी हर शहर में एक जैसी नहीं होती. इसके पीछे कई कारण होते हैं. अलग-अलग राज्यों में VAT यानी टैक्स की दर अलग होती है. इसके अलावा गैस को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में लगने वाला परिवहन खर्च भी अंतिम कीमत पर असर डालता है. यही वजह है कि दिल्ली में CNG 86.98 रुपये प्रति किलो है, जबकि कुछ दूसरे शहरों में इसका भाव 95 से 98 रुपये प्रति किलो के आसपास पहुंच गया है.

गाड़ी चलाने वालों पर बढ़ेगा खर्च

CNG को पेट्रोल और डीजल के मुकाबले किफायती ईंधन माना जाता है, लेकिन लगातार कीमत बढ़ने से इसका फायदा कुछ कम हो सकता है. दिल्ली-NCR में बड़ी संख्या में निजी कारों के अलावा ऑटो और टैक्सी भी CNG पर चलते हैं. ऐसे में नई कीमतों का असर रोजाना के सफर के खर्च पर पड़ना तय माना जा रहा है. फिलहाल नई दरें 29 अगस्त से लागू हो चुकी हैं और दिल्ली-NCR समेत IGL के कई क्षेत्रों में वाहन चालकों को अब हर किलो CNG के लिए पहले से ज्यादा रकम चुकानी होगी.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़