आज से 35 रुपये किलो मिलेगा प्याज, दिल्ली में 40 जगहों पर बिक्री..जानें कहां से खरीदें

Subsidised Onion: प्याज की बढ़ती कीमतों से राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने 35 रुपये किलो की दर से प्याज बेचने की व्यवस्था शुरू की है. दिल्ली-एनसीआर के अलावा कई बड़े शहरों में भी बफर स्टॉक से प्याज पहुंचाया जा रहा है. सरकार ने कहा है कि देश में प्याज की कमी नहीं है.

नोएडा | Updated On: 27 Aug, 2026 | 02:15 PM

Government Onion Sale: देशभर में प्याज की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है. कई शहरों में प्याज का खुदरा भाव 55 से 60 रुपये किलो तक पहुंच गया है. देश की औसत खुदरा कीमत भी करीब 46.74 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई है. त्योहारों के मौसम में बढ़ती मांग के बीच केंद्र सरकार ने कीमतों पर लगाम लगाने के लिए बफर स्टॉक से सस्ता प्याज बाजार में उतारने का फैसला किया है. दिल्ली-एनसीआर में लोगों को 35 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है.

35 रुपये किलो प्याज कहां मिलेगा?

सस्ते प्याज की बिक्री के लिए दिल्ली में कई स्तर पर व्यवस्था की गई है. इसकी जिम्मेदारी NCCF, NAFED और केंद्रीय भंडार को दी गई है. NCCF की ओर से केंद्रीय भंडार के करीब 100 स्टोर पर 35 रुपये किलो प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है. इसके अलावा 15 मोबाइल वैन के जरिए भी प्याज बेचा जा रहा है. जरूरत के हिसाब से मोबाइल वैन की संख्या बढ़ाकर 40 की जाएगी. वहीं, मदर डेयरी के करीब 300 सफल आउटलेट्स के जरिए भी रियायती प्याज उपलब्ध कराने को लेकर बातचीत चल रही है.

NAFED भी दिल्ली में 13 बिक्री केंद्रों और करीब 50 मोबाइल वैन के माध्यम से सस्ता प्याज लोगों तक पहुंचा रहा है. सरकार की योजना दिल्ली के बाद इस व्यवस्था को पूरे एनसीआर तक पहुंचाने की है. इसमें नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे इलाके शामिल हैं.

नासिक से दिल्ली आ रहा प्याज, चली ‘कांदा एक्सप्रेस’

प्याज की सप्लाई को तेज करने के लिए केंद्र रकार ने महाराष्ट्र के नासिक से दिल्ली तक विशेष मालगाड़ी चलाई है. इसे ‘कांदा एक्सप्रेस’ नाम दिया गया है. इसका मकसद उत्पादन वाले इलाकों से ज्यादा मांग वाले शहरों तक प्याज को जल्दी पहुंचाना है. NCCF के पास करीब 62 हजार टन प्याज का बफर स्टॉक है. इसमें से 400 टन प्याज नासिक से दिल्ली भेजा गया है. वहीं NAFED के पास भी करीब 55 हजार टन प्याज का बफर स्टॉक बताया गया है. पहली विशेष ट्रेन करीब 800 टन प्याज लेकर दिल्ली के लिए रवाना की गई है. इससे बाजार में प्याज की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी.

दिल्ली के अलावा इन शहरों में भी पहुंचेगा सस्ता प्याज

सरकार की यह पहल केवल दिल्ली-एनसीआर तक सीमित नहीं है. दूसरे बड़े खपत वाले शहरों में भी रियायती दर पर प्याज उपलब्ध कराने की तैयारी है. चंडीगढ़, लुधियाना, वाराणसी, लखनऊ, पटना, गुवाहाटी, कोच्चि, चेन्नई, कोलकाता, एर्नाकुलम, जम्मू और अमृतसर जैसे शहरों में भी प्याज की सप्लाई बढ़ाई जा रही है. इसका उद्देश्य ज्यादा मांग वाले इलाकों में कीमतों को नियंत्रित रखना है.

सरकार बोली-देश में प्याज की कमी नहीं

बढ़ती कीमतों के बीच उपभोक्ता मामलों के विभाग ने साफ किया है कि देश में प्याज की कोई कमी नहीं है. सरकार के मुताबिक त्योहारी सीजन की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. 2025-26 में देश में प्याज का उत्पादन करीब 307.37 लाख टन रहने का अनुमान है. यह पिछले साल के 307.67 लाख टन उत्पादन के लगभग बराबर है. चालू साल में सरकार ने बफर स्टॉक के लिए करीब 1.21 लाख टन प्याज खरीदा है.

रोजाना कीमत और आवक पर नजर

सरकार प्याज की कीमत और बाजार में इसकी आवक पर लगातार नजर रख रही है. अलग-अलग राज्यों में रोजाना उपलब्धता और खुदरा भाव की निगरानी की जा रही है. सरकार का कहना है कि जरूरत पड़ने पर बफर स्टॉक से और प्याज बाजार में उतारा जा सकता है. इसका मकसद त्योहारों के दौरान अचानक बढ़ने वाली मांग के बावजूद कीमतों को काबू में रखना और आम लोगों को राहत देना है. फिलहाल सरकार का फोकस पर्याप्त सप्लाई बनाए रखने और प्याज की कीमतों में होने वाली तेज बढ़ोतरी को रोकने पर है.

Published: 27 Aug, 2026 | 02:14 PM

Topics: