UP Election 2027: अखिलेश यादव का महिलाओं पर बड़ा दांव, 40 हजार रुपये से लेकर लैपटॉप तक का ऐलान

UP Election 2027 को लेकर अखिलेश यादव ने महिलाओं के लिए ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ का ऐलान किया है. सपा सरकार बनने पर महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये देने, छात्राओं को लैपटॉप और वयस्क महिलाओं को मोबाइल देने का वादा किया गया है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 26 Aug, 2026 | 02:53 PM

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज होती जा रही हैं. इसी बीच समाजवादी पार्टी ने महिलाओं को साधने के लिए बड़ा ऐलान किया है. सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ शुरू करने का वादा किया. उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में सपा की सरकार बनती है तो महिलाओं को हर साल 40,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी.

महिलाओं को हर साल मिलेंगे 40 हजार रुपये

अखिलेश यादव ने कहा कि ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में लागू की जाएगी. इसके तहत महिलाओं के खाते में सालाना 40,000 रुपये दिए जाएंगे. उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में इस रकम को और बढ़ाया जा सकता है. अखिलेश ने सपा सरकार के पुराने कार्यकाल की समाजवादी पेंशन योजना का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उस समय महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 500 रुपये भेजे जाते थे और भविष्य में इस राशि को बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया था.

इंटर पास करने वाली छात्राओं को लैपटॉप

महिलाओं के साथ-साथ सपा ने छात्राओं के लिए भी बड़ा वादा किया है. अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर इंटरमीडिएट की परीक्षा पास करने वाली हर बेटी को लैपटॉप दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सपा सरकार पहले भी विद्यार्थियों को लैपटॉप दे चुकी है और आगे भी तकनीक के जरिए बेटियों को पढ़ाई और करियर में आगे बढ़ने का मौका दिया जाएगा. इसका उद्देश्य छात्राओं को पढ़ाई के साथ डिजिटल दुनिया से जोड़ना है.

मुफ्त शिक्षा से लेकर आधी फीस तक का वादा

सपा की ओर से महिलाओं और बेटियों के लिए कई अन्य घोषणाएं भी की गई हैं. पार्टी के मुताबिक सरकारी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था को आगे बढ़ाया जाएगा. वहीं, निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की फीस आधी करने का वादा किया गया है. इसके अलावा हर स्कूल में साफ-सफाई वाले शौचालय और पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है. वयस्क महिलाओं को मोबाइल देने का ऐलान भी किया गया है.

महिला सुरक्षा को लेकर भी सरकार पर निशाना

अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में महिला सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि महिलाओं के बीच असुरक्षा की भावना को खत्म करना जरूरी है. उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके लिए नारी सिर्फ नारे तक सीमित रह गई है. अखिलेश ने महिला आरक्षण का मुद्दा भी उठाया और सवाल किया कि आरक्षण का कानून पास होने के बावजूद इसे लागू करने में देरी क्यों की जा रही है.

PDA में ‘A’ की नई परिभाषा

इस मौके पर मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने सपा के PDA फॉर्मूले में ‘A’ को लेकर नई व्याख्या पेश की. उन्होंने कहा कि PDA में ‘A’ का मतलब ‘आधी आबादी’ भी होगा. यानी महिलाओं को पार्टी की राजनीतिक रणनीति में खास जगह देने का संकेत दिया गया है. डिंपल यादव ने कहा कि आधी आबादी की हर स्त्री के सम्मान और समृद्धि को सपा अपने संकल्प के तौर पर देखती है. उन्होंने यह भी समझाया कि ‘स्त्री’ शब्द का इस्तेमाल इसलिए किया गया है, क्योंकि इससे उम्र की कोई सीमा तय नहीं होती. इसमें बालिका से लेकर युवती और महिला तक सभी को शामिल किया जा सकता है.

2027 के चुनाव में महिलाओं पर फोकस

सपा के इन ऐलानों से साफ है कि उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी महिलाओं और छात्राओं को अपने चुनावी एजेंडे के केंद्र में रखने की तैयारी कर रही है. आर्थिक मदद, लैपटॉप, मोबाइल, शिक्षा और स्कूलों की सुविधाओं से जुड़े वादों के जरिए पार्टी महिलाओं और बेटियों तक सीधे पहुंच बनाने की कोशिश कर रही है. हालांकि, इन योजनाओं को लागू करने के लिए सरकार बनने के बाद बजट और विस्तृत नियम तय करने होंगे. फिलहाल सपा के ये ऐलान चुनावी राजनीति में महिलाओं को लेकर पार्टी की प्राथमिकता को जरूर सामने रखते हैं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़