आफत की बारिश में 28 लोगों की मौत, भयंकर आंधी में पेड़-खंभे उखड़े.. कई मंडियों में रखा गेहूं भीगा

Heavy rain and hailstorms in Delhi NCR: दिल्ली के कई हिस्सों में तेज बारिश और आंधी से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. हालांकि, कुछ जगहों पर पेड़ों की टहनियां टूटने से यातायात बाधित रहा. वहीं, कई हिस्सों की बिजली गुल हो गई. वहीं, उत्तर प्रदेश के कई शहरों की मंडियों में खरीद के लिए खुले में रखा गेहूं भीगने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है.

नोएडा | Updated On: 30 Apr, 2026 | 04:24 PM

दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है. उत्तर प्रदेश के गेहूं खरीद केंद्रों में खुले में रखा गेहूं भीगने का दावा किया जा रहा है. जबकि, खेतों में कटाई के बाद रखे गेहूं के गट्ठे भीग गए हैं. मौसम विभाग ने कल और आज दोपहर में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया था. गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली, हापुड़ समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है. वहीं, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में भी तेज बारिश से भारी नुकसान पहुंचा है. यूपी में कल हुई बारिश में अलग-अलग जिलों में 18 लोगों की मौत हो गई और कर्नाटक में 10 लोगों की मौत हो गई है.

दिल्ली में तेज बारिश और ओले गिरे

गुरुवार की दोपहर के बाद दिल्ली के कई हिस्सों में तेज बारिश और आंधी से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. हालांकि, कुछ जगहों पर पेड़ों की टहनियां टूटने से यातायात बाधित रहा. वहीं, कई हिस्सों की बिजली गुल हो गई.

गाजियाबाद और नोएडा में ओले गिरे

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा-गाजियाबाद समेत अन्य हिस्सों में दोपहर बाद तेज बादल छाए और एकाएक बारिश शुरू हो गई. मूसलाधार बारिश के ओले गिरने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. वहीं, हापुड़, मेरठ, बागपत और अलीगढ़ समेत अन्य जिलों में भी बारिश और आंधी का कहर देखा गया है.

मंडियों में खुले में रखा गेहूं भीगने से किसानों को भारी नुकसान

उत्तर प्रदेश के इन जिलों में गेहूं खरीद केंद्रों पर खुले में रखा किसानों का गेहूं भीग गया है. वहीं, खेतों में कटाई के बाद जमा गट्ठर भीगने से किसानों को भारी नुकसान की आंशका जताई गई है. बता दें कि मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में सुबह चेतावनी दी थी कि आज 30 अप्रैल को कई शहरों में बादल छाए रहने के साथ बारिश और गरज-चमक का असर दिखेगा.

यूपी में बारिश से 18 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश बीते दिन बुधवार को तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से 18 लोगों की मौत हो गई है. आंधी-बारिश से दीवार ढहने, पेड़ गिरने और बिजली गिरने से हुए हादसों में अलग-अलग जगहों पर 18 लोगों की मौत हो गई. रिपोर्ट के अनुसार सुल्तानपुर जिले में 7 लोगों की मौत हो गई. अमेठी में 3 और अयोध्या में 3 लोगों की जान चली गई. पूर्वांचल के जिलों में 5 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है.

कर्नाटक में बारिश का कहर, 10 लोगों की मौत

कर्नाटक के बेंगलुरू में बारिश और तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई है. सड़कें जलमग्न हो गईं, बिजली के खंभे उखड़ गए हैं. इसके अलावा कई हिस्सों में कुछ घरों की दीवारें ढह गई हैं. इससे अलग-अलग हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई है. बेंगलुरू के मल्लेश्वरम, शांतिनगर और शेषाद्रिपुरम समेत कई इलाकों में जलभराव के चलते पेड़ उखड़ने की घटनाएं सामने आईं. ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी के अनुसार शहर में करीब 50 जगहों पर पेड़ गिर गए.

IMD ने जारी किया था देशभर में बारिश का अलर्ट

IMD ने सुबह देश के बड़े हिस्सों में लगातार बारिश और तूफानी गतिविधियों का अनुमान लगाया है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिसके साथ तूफान, बिजली कड़कना और 30-40 kmph की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

Published: 30 Apr, 2026 | 04:03 PM

Topics: