मॉनसून की बदली चाल, उत्तर भारत में सुस्ती… लेकिन इन राज्यों में अगले 72 घंटे भारी बारिश की चेतावनी
Weather Update: देश के कई राज्यों में मॉनसून का असर अलग-अलग देखने को मिल रहा है. दिल्ली में आज हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड और बाढ़ जैसी घटनाएं सामने आई हैं. राजस्थान में मॉनसून फिलहाल कमजोर पड़ा है.
Today’s Weather Update: देश के अलग-अलग हिस्सों में मॉनसून का असर अलग-अलग देखने को मिल रहा है. कहीं लोगों को बारिश से राहत मिल रही है तो कहीं भारी बारिश मुसीबत बन गई है. दिल्ली में शनिवार को हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है. वहीं हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है. राजस्थान में मॉनसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है, जबकि तमिलनाडु के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है.
दिल्ली में हल्की बारिश, लेकिन कोई अलर्ट नहीं
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक शनिवार को दिल्ली में मौसम सामान्य रहेगा. विभाग ने किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन दिनभर अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है. सुबह के समय कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल बने रहेंगे, लेकिन फिलहाल अगले सप्ताह तक किसी बड़ी बारिश की संभावना नहीं है. अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जिससे उमस बढ़ने की आशंका है.
दिल्ली की हवा अभी भी साफ
बारिश के असर से दिल्ली की हवा की गुणवत्ता बेहतर बनी हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शनिवार सुबह शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 91 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है. इससे पहले शुक्रवार को भी AQI 65 रिकॉर्ड किया गया था.
राजस्थान में कमजोर पड़ा मॉनसून
राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान कई जगह हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, लेकिन मॉनसून की रफ्तार कमजोर बनी हुई है. चूरू जिले के राजगढ़-सादुलपुर में सबसे ज्यादा 55 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मॉनसूनी गतिविधियां कमजोर रहेंगी. ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहने और केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है.
हिमाचल में भारी बारिश से बढ़ीं मुश्किलें
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है. शिमला में लैंडस्लाइड हुआ है, जबकि किन्नौर जिले में बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया. सांगला में पिछले साल बना एक अस्थायी बेली ब्रिज भी तेज बहाव में ढह गया. मौसम विभाग के अनुसार नाहन में करीब 159 मिमी, सोलन में 80 मिमी और कई अन्य इलाकों में भी भारी बारिश दर्ज की गई है. शिमला, कुल्लू, चंबा, बिलासपुर और सिरमौर के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. लोगों को भूस्खलन और अचानक बाढ़ से सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
तमिलनाडु में भी बारिश के आसार
तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से जुड़े जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. राजधानी चेन्नई और आसपास के इलाकों में भी हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर तमिलनाडु के तट और अरब सागर के ऊपर सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी.
मौसम पर रखें नजर
मौसम विभाग का कहना है कि, अलग-अलग राज्यों में मॉनसून की स्थिति अलग है. ऐसे में लोगों, खासकर किसानों और पहाड़ी इलाकों में रहने वालों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखनी चाहिए. भारी बारिश वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचना और प्रशासन की सलाह का पालन करना सुरक्षित रहेगा.