देशभर में अलर्ट, कहीं 45°C की गर्मी तो कहीं तेज बारिश और बिजली गिरने का खतरा

मौसम विभाग के अनुसार 20 अप्रैल को पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना है. वहीं 20 से 23 अप्रैल के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं. झारखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और ओडिशा जैसे राज्यों में भी लू का असर देखने को मिल सकता है.

नई दिल्ली | Updated On: 20 Apr, 2026 | 07:11 AM

Today weather: देशभर में इन दिनों मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है. एक ओर जहां कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी तरफ कुछ क्षेत्रों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का दौर भी देखने को मिल सकता है.

मौसम में आए इस बदलाव के पीछे कई सक्रिय मौसम प्रणालियां जिम्मेदार हैं. मध्य क्षोभमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण और पूर्वोत्तर भारत के आसपास मौजूद अन्य परिसंचरण मिलकर मौसम को प्रभावित कर रहे हैं.

इसके अलावा झारखंड से ओडिशा तक फैला गर्त और दक्षिण भारत में सक्रिय हवाओं की दिशा भी मौसम को अस्थिर बना रही है. उत्तर भारत के ऊपर तेज गति से बह रही जेट स्ट्रीम का भी असर देखा जा रहा है. इन सभी कारणों से देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग-अलग रूप देखने को मिल रहा है.

लू का कहर, कई राज्यों में अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 20 अप्रैल को पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना है. वहीं 20 से 23 अप्रैल के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं.

झारखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और ओडिशा जैसे राज्यों में भी लू का असर देखने को मिल सकता है. ऐसे में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

कहीं बारिश तो कहीं आंधी-तूफान

जहां एक तरफ गर्मी बढ़ रही है, वहीं दूसरी तरफ पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.

खासकर अरुणाचल प्रदेश में 20 और 21 अप्रैल को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इससे स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में 20 अप्रैल को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जो सामान्य से थोड़ा ज्यादा है. हवाएं पश्चिम दिशा से चलेंगी और दिन के समय उनकी गति बढ़ सकती है. हालांकि फिलहाल बारिश की संभावना कम है, लेकिन मौसम में हल्का बदलाव महसूस किया जा सकता है.

उत्तर प्रदेश में बढ़ी मुश्किलें

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है. तेज धूप और शुष्क हवाओं के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है. अगले 24 से 48 घंटे काफी कठिन हो सकते हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि पछुआ हवाओं और चक्रवाती प्रभाव के कारण तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. फिलहाल बारिश की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही, जिससे गर्मी और बढ़ सकती है.

बिहार में बदलेगा मौसम

बिहार में मौसम कुछ अलग नजर आएगा. यहां 20 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. 23 अप्रैल को कुछ इलाकों में तेज आंधी भी आ सकती है, जहां हवा की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. हालांकि 21 अप्रैल के आसपास कुछ क्षेत्रों में लू का असर भी देखने को मिल सकता है.

मध्य प्रदेश और राजस्थान में मिला-जुला असर

मध्य प्रदेश में कुछ इलाकों में लू का असर रहेगा, तो वहीं कुछ जगहों पर हल्की बारिश और तेज हवाएं राहत दे सकती हैं. बुरहानपुर, खंडवा और छिंदवाड़ा जैसे जिलों में मौसम बदलने के संकेत हैं.

राजस्थान में कुल मिलाकर गर्मी का असर बना रहेगा. हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, लेकिन इससे ज्यादा राहत मिलने की संभावना कम है.

हिमाचल प्रदेश में मौसम रहेगा साफ

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 20 अप्रैल को मौसम ज्यादातर साफ और शुष्क रहने की संभावना है. मैदानी और मध्य पर्वतीय इलाकों में तेज धूप खिली रहेगी, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा सकती है. हालांकि, ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में आंशिक बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है. लेकिन कुल मिलाकर मौसम सामान्य रहेगा और पर्यटन व रोजमर्रा की गतिविधियों के लिए अनुकूल स्थिति बनी रहेगी.

उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड के ऊंचाई वाले जिलों जैसे उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है. वहीं देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल जैसे मैदानी इलाकों में मौसम साफ और शुष्क रहने की उम्मीद है.

चारधाम यात्रा मार्ग पर मौसम का असर देखने को मिल सकता है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी के कारण सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं, इसलिए यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

Published: 20 Apr, 2026 | 07:08 AM

Topics: