दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में गरज-चमक के साथ होगी तेज बारिश, मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट जारी

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है. कई राज्यों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. जिसकी वजह से कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है.

नई दिल्ली | Updated On: 6 May, 2026 | 07:08 AM

Today weather: देशभर में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को अब राहत मिलने लगी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक अलग-अलग मौसमी सिस्टम सक्रिय हो गए हैं, जिसकी वजह से कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है. अगले कुछ दिनों तक देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और गर्म हवाओं का असर कम रहेगा.

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है. कई राज्यों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

दिल्ली-एनसीआर में बारिश से मिली राहत

दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी है. राजधानी में बादलों की आवाजाही लगातार बनी हुई है और आने वाले दिनों में भी मौसम सुहावना रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार 6 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. 7 मई को तापमान 37 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि 9 और 10 मई तक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. बारिश और तेज हवाओं की वजह से दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है. एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 100 से नीचे पहुंच गया है, जिसे संतोषजनक श्रेणी माना जाता है.

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का बड़ा अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह बदल चुका है. पिछले 24 घंटे में कई जिलों में तेज बारिश और आंधी दर्ज की गई, जिससे तापमान में 8 से 9 डिग्री तक गिरावट आई है. खासकर बुंदेलखंड क्षेत्र में लोगों को लू से राहत मिली है. मौसम विभाग ने लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, आगरा, नोएडा, गाजियाबाद, सीतापुर, रायबरेली, प्रतापगढ़, गाजीपुर, अलीगढ़ और पश्चिमी यूपी समेत करीब 40 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है. राज्य में अधिकतम तापमान लगभग 31 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. पूर्वी यूपी में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर यह गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

बिहार में ठनका और तूफानी बारिश का खतरा

बिहार में मौसम काफी खतरनाक रूप ले सकता है. कई जिलों में तेज बारिश, तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.
मौसम विभाग के अनुसार बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, जमुई, भागलपुर, पूर्णिया, अररिया, सुपौल और सहरसा समेत कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं.

पूर्वी चंपारण, गया और औरंगाबाद में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. पटना में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने की अपील की है.

राजस्थान में गर्मी के बीच बारिश का असर

राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से आंधी और बारिश का दौर जारी है. जयपुर समेत कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को राहत मिली है.

जयपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 से 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर और जोधपुर जैसे इलाकों में तापमान अभी भी 40 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मौसम विभाग ने जयपुर, कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग में बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है.

हरियाणा में 70 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का बड़ा असर दिखाई दे रहा है. कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, सिरसा, अंबाला, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कई जगहों पर ओले गिरने और बिजली चमकने की भी चेतावनी है. मौसम बदलने से अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है.

पंजाब में येलो अलर्ट जारी

पंजाब में भी मौसम तेजी से बदल रहा है. होशियारपुर, मोहाली, गुरदासपुर, लुधियाना, कपूरथला और पटियाला में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है.

उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी

उत्तराखंड में मौसम ने अचानक ठंड का एहसास करा दिया है. उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. देहरादून में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. वहीं नैनीताल और चंपावत में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है.

हिमाचल प्रदेश में फिर लौटेगी ठंड

हिमाचल प्रदेश में लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय बना हुआ है. शिमला, मंडी, कांगड़ा, चंबा और कुल्लू में तेज बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. शिमला में तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि मनाली में अधिकतम तापमान सिर्फ 7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. कई इलाकों में लोगों को मई महीने में भी सर्दी महसूस हो रही है.

जम्मू-कश्मीर में मई में भी सर्दी

जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के असर से लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है. श्रीनगर में न्यूनतम तापमान गिरकर करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. पीर पंजाल और घाटी के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी से मौसम काफी ठंडा हो गया है. मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह खराब मौसम बने रहने की संभावना जताई है.

मध्य प्रदेश में गरज-चमक और ओलावृष्टि

मध्य प्रदेश में भोपाल, ग्वालियर, रीवा, सतना, सागर, छिंदवाड़ा और बालाघाट समेत कई जिलों में तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. भोपाल में अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. कई जिलों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का खतरा

दक्षिण भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. चेन्नई में तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. केरल और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर में प्री-मानसून एक्टिव

झारखंड में रांची, धनबाद, बोकारो और सिंहभूम समेत कई जिलों में भारी बारिश और गरज के साथ बूंदाबांदी की संभावना है. रांची में तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

वहीं असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड और पश्चिम बंगाल में प्री-मानसून गतिविधियां तेज बनी हुई हैं. कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और भारी बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है.

Published: 6 May, 2026 | 07:06 AM

Topics: