राजौरी में बारिश ने मचाई तबाही! फ्लैश फ्लड से कई इलाके डूबे, सैकड़ों लोग घर छोड़ने को मजबूर

Jammu Kashmir Floods: जम्मू-कश्मीर के राजौरी में लगातार भारी बारिश के बाद आई फ्लैश फ्लड से कई इलाकों में पानी भर गया. नदियों के उफान पर आने से वाहन बह गए, कई घर प्रभावित हुए और सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. IMD ने 23 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

नोएडा | Updated On: 19 Jul, 2026 | 09:30 AM

Rajouri Flash Flood: जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में रविवार तड़के हुई तेज बारिश के बाद अचानक आई फ्लैश फ्लड ने कई इलाकों में भारी तबाही मचा दी. नदियां उफान पर आ गईं, पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया और सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा. उधर, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

राजौरी में फ्लैश फ्लड से मची तबाही

शनिवार रात से शुरू हुई लगातार बारिश के बाद राजौरी जिले की कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बहने लगीं. देखते ही देखते पानी शहर के निचले इलाकों में भर गया. सबसे ज्यादा असर राजौरी के नए बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में देखने को मिला, जहां कई वाहन पानी में बह गए या पूरी तरह डूब गए. दरहाली, खंडली, सुकतोह और जमोला नदियों में जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण हालात बिगड़ गए. बेला कॉलोनी के पास दरहाली नदी ने सुरक्षा दीवार भी तोड़ दी, जिससे बाढ़ का पानी तेजी से शहर में फैल गया.

सैकड़ों लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया

प्रशासन, पुलिस और राहत दलों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया. अब्दुल्ला ब्रिज के पास रहने वाले 50 से ज्यादा परिवारों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा. तारिक ब्रिज के आसपास के इलाकों में भी पानी भरने के बाद पुलिस ने लोगों को समय रहते बाहर निकाला. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उनकी टीमें लगातार लोगों की मदद कर रही हैं. फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है. पानी कम होने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा.

लोगों का दर्द छलका

बाढ़ से प्रभावित लोगों का कहना है कि, उन्होंने अपनी जिंदगी भर की कमाई खो दी. एक स्थानीय निवासी ने बताया कि घर का सामान, वाहन और दूसरी जरूरी चीजें पानी में बह गईं. कुछ इलाकों से लोगों के लापता होने की भी खबर सामने आई है, जिससे चिंता और बढ़ गई है. कांग्रेस विधायक इफ्तिखार अहमद ने भी राजौरी पहुंचकर हालात का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि, बाढ़ से सरकारी और निजी संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है और प्रभावित परिवारों को जल्द राहत और मुआवजा मिलना चाहिए.

23 जुलाई तक बारिश का अलर्ट

IMD के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में 23 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. प्रशासन ने लोगों से नदियों, नालों और निचले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है. साथ ही किसी भी आपात स्थिति के लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय कर दिए गए हैं.

हिमाचल में रेड अलर्ट, बढ़ा भूस्खलन का खतरा

दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश में भी मौसम विभाग ने 20 और 21 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और कुल्लू समेत कई जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

IMD ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश से अचानक बाढ़, भूस्खलन, चट्टानें गिरने और नदियों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना रहेगा. इसके अलावा खड़ी फसलों और बागवानी को भी नुकसान पहुंच सकता है. मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से बिना जरूरी काम के यात्रा न करने और मौसम से जुड़े आधिकारिक अपडेट पर नजर रखने की अपील की है.

Published: 19 Jul, 2026 | 09:27 AM

Topics: