मौसम ने फिर ली करवट! दिल्ली से दक्षिण भारत तक बारिश का दौर, पहाड़ी राज्यों में बढ़ा खतरा
IMD Weather Update: देशभर में मॉनसून फिर सक्रिय है. दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार और राजस्थान समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा. पहाड़ी, दक्षिणी और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट है.
Weather Update Today: देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान से लेकर पहाड़ी राज्यों, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर तक अगले कुछ दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, कहीं हल्की बारिश होगी तो कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही कई जगहों पर गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है.
मौसम में बदलाव की वजह कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं. उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के असर से 16 अगस्त को एक नया कम दबाव का क्षेत्र बना है. इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और मजबूत होने की संभावना है. इसके अलावा कई इलाकों में चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र और शियर जोन भी सक्रिय हैं. इन सभी मौसम प्रणालियों के असर से आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश का दौर बढ़ सकता है.
दिल्ली में बादल और हल्की बारिश
दिल्ली में 17 अगस्त को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश के एक-दो दौर देखने को मिल सकते हैं. शाम और रात में भी बारिश होने की संभावना है. राजधानी में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. इस दौरान हवाएं भी चलेंगी, जिससे मौसम में थोड़ी राहत मिल सकती है.
यूपी में कई दिन बारिश, 19 अगस्त को भारी बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में भी मॉनसून सक्रिय रहने वाला है. पूर्वी यूपी में 17 से 22 अगस्त तक कई जगह बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी यूपी में 17 अगस्त को बारिश के आसार हैं. पूर्वी यूपी में 17 और 18 अगस्त को गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. वहीं, 19 अगस्त को पूर्वी हिस्से में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. ऐसे में बारिश के दौरान लोगों को खुले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है.
बिहार में 17 से 21 अगस्त तक बारिश
बिहार में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है. 17 से 19 अगस्त के बीच कई जगह हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं, 17 से 20 अगस्त के दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है. लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है. गरज-चमक के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी.
राजस्थान में भी बदलेगा मौसम
राजस्थान के कई हिस्सों में 17 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पूर्वी राजस्थान में बारिश का असर आगे भी बना रहने की संभावना है. 19 से 21 अगस्त के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. राज्य के बाकी हिस्सों में भी कहीं-कहीं छिटपुट बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान है.
पहाड़ों में बारिश के साथ बढ़ेगा खतरा
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में 17 से 22 अगस्त के बीच कई जगह बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. उत्तराखंड में 18 से 22 अगस्त तक भारी बारिश का अनुमान है, जबकि 17 और 18 अगस्त को हिमाचल के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है. पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश के दौरान भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए स्थानीय लोगों और पर्यटकों को मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखने की जरूरत है.
दक्षिण भारत में तेज हवाओं के साथ बारिश
दक्षिण भारत के कई राज्यों में 17 से 22 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और तेलंगाना में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 17 से 20 अगस्त के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तमिलनाडु में 18 और 19 अगस्त को भारी बारिश के आसार हैं.
पूर्वोत्तर में भी तेज बारिश का दौर
पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 से 22 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. कई जगहों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी है. अरुणाचल प्रदेश में 17 और 18 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. असम, मेघालय और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. पहाड़ी और भूस्खलन संभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.