मॉनसून फिर हुआ एक्टिव! दिल्ली, यूपी से लेकर बिहार तक.. IMD ने कई राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

Weather Update Today: देश के कई राज्यों में मॉनसून सक्रिय है. अगले 24 घंटे में यूपी, बिहार, एमपी, दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में बारिश की संभावना है. पहाड़ी राज्यों में लैंडस्लाइड और मैदानी इलाकों में बाढ़ का खतरा रहेगा. ओडिशा-आंध्र में तेज हवाओं का अलर्ट है.

नोएडा | Published: 12 Sep, 2026 | 07:08 AM

IMD Weather Update: देश के ज्यादातर हिस्सों में मॉनसून अभी सक्रिय बना हुआ है. कई राज्यों में आसमान में बादल छाए हैं और बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में बारिश की संभावना जताई है. कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा. वहीं, लगातार बारिश वाले क्षेत्रों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बन सकती है.

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा. हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लेह और उत्तराखंड के कई हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. संवेदनशील पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है.

दिल्ली-NCR में फिर बदला मौसम

दिल्ली-एनसीआर में कुछ दिनों की गर्मी और उमस के बाद शुक्रवार को मौसम ने करवट ली. दोपहर के समय अचानक आसमान में बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई. हालांकि, एनसीआर के सभी हिस्सों में बारिश नहीं हुई और कई इलाके सूखे रहे. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भी बारिश की संभावना जताई है. अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. वीकेंड के दौरान भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है.

बारिश का एक फायदा हवा की क्वालिटी पर भी देखने को मिला है. मौसमी गतिविधियों के चलते दिल्ली का AQI करीब 100 के आसपास पहुंच गया है, जिससे लोगों को प्रदूषण से कुछ राहत मिली है. हालांकि, तेज बारिश होने पर कुछ इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक की परेशानी हो सकती है.

राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मॉनसून

राजस्थान में मॉनसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ी है. राज्य के कई जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान बारिश होने की संभावना है. बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर राजस्थान समेत आसपास के राज्यों में भी देखने को मिल सकता है. 11 से 15 सितंबर के बीच जयपुर, कोटा, भरतपुर, अजमेर और जोधपुर संभाग में बादल छाए रहने और कई जगह मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है. गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं. बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ने से कुछ इलाकों में बाढ़ का खतरा बना रहेगा. मध्य प्रदेश में भी मॉनसून सक्रिय रहेगा और कई हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है. बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है.

ओडिशा-आंध्र में तेज हवाओं का खतरा

समुद्र से सटे राज्यों में भी अगले 48 घंटे मौसम खराब रह सकता है. खासकर ओडिशा और आंध्र प्रदेश में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. इस दौरान बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा. ऐसे मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है. ओडिशा में 12 से 14 सितंबर के बीच भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी बारिश

पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम, सिक्किम, नागालैंड और त्रिपुरा समेत कई राज्यों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है. पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी अलग-अलग इलाकों में बारिश का अलर्ट है. दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है. हालांकि, इन राज्यों के लिए फिलहाल बहुत तेज बारिश का अलर्ट नहीं है.

20 सितंबर से लौटने लगेगा मॉनसून

मौसम विभाग के अनुसार देश में मॉनसून की वापसी की प्रक्रिया 20 सितंबर के आसपास शुरू हो सकती है. हालांकि, इससे पहले कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. खासकर पहाड़ी और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग के अलर्ट पर नजर रखनी चाहिए और भारी बारिश के दौरान नदी, नाले और समुद्र के आसपास जाने से बचना चाहिए.

Topics: