Soybean Cultivation: मॉनसून की दस्तक के साथ ही देशभर में खरीफ फसलों की बुवाई का दौर शुरू हो जाता है. आमतौर पर इस मौसम में धान की खेती सबसे अधिक की जाती है, खासकर पूर्वी और मध्य भारत के राज्यों में. लेकिन बदलते कृषि परिदृश्य और बाजार की मांग को देखते हुए अब सोयाबीन भी तेजी से लोकप्रिय फसल बनती जा रही है. कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद कुमार के अनुसार, सोयाबीन कम लागत, कम समय और अच्छी बाजार मांग के कारण किसानों के लिए लाभदायक विकल्प साबित हो सकती है.
खरीफ सीजन में बढ़ रहा सोयाबीन का महत्व
जून और जुलाई का महीना खरीफ फसलों की बुवाई के लिए सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है. इस समय बारिश शुरू हो जाती है और खेतों में पर्याप्त नमी रहती है, जिससे फसलों की अच्छी बढ़वार के लिए अनुकूल माहौल बनता है. ऐसे में किसानों के लिए सही फसल का चयन करना बहुत जरूरी होता है, क्योंकि इसका सीधा असर उत्पादन और आमदनी पर पड़ता है.
कृषि वैज्ञानिक के अनुसार, सोयाबीन ऐसी फसल है जो कम खर्च में अच्छी पैदावार देने की क्षमता रखती है. यही कारण है कि देश के कई हिस्सों में किसान पारंपरिक फसलों के साथ-साथ सोयाबीन की खेती को भी अपना रहे हैं.
बाजार में लगातार बढ़ रही है मांग
सोयाबीन की लोकप्रियता का सबसे बड़ा कारण इसकी मजबूत बाजार मांग है. इसका उपयोग खाद्य तेल बनाने के अलावा पशु आहार, सोया उत्पादों और कई खाद्य प्रसंस्कृत वस्तुओं के निर्माण में किया जाता है. देश में खाद्य तेलों की बढ़ती खपत और पशुपालन क्षेत्र के विस्तार के चलते सोयाबीन की मांग लगातार बढ़ रही है. मांग अधिक होने के कारण किसानों को अपनी उपज बेचने में ज्यादा परेशानी नहीं होती. इससे उन्हें बेहतर दाम मिलने की संभावना भी बढ़ जाती है.
कम लागत में अच्छी खेती
सोयाबीन की खेती की एक बड़ी खासियत यह है कि, इसमें अन्य कई फसलों की तुलना में कम लागत आती है. उन्नत किस्मों के बीज और वैज्ञानिक खेती तकनीकों के इस्तेमाल से कीट और रोगों का असर कम होता है. इससे कीटनाशकों और अन्य कृषि रसायनों पर होने वाला खर्च घट जाता है. कम निवेश और बेहतर उत्पादन का यह संतुलन किसानों के लिए आर्थिक रूप से फायदेमंद साबित होता है. यही वजह है कि कृषि विशेषज्ञ इसे लाभकारी फसलों की श्रेणी में रखते हैं.
लगभग 100 दिनों में तैयार हो जाती है फसल
सोयाबीन की फसल कम अवधि में तैयार हो जाती है. बुवाई के लगभग 40 से 45 दिनों के भीतर पौधों में फूल आने लगते हैं और करीब 100 दिनों में फसल कटाई के लिए तैयार हो जाती है. इसकी कम अवधि किसानों को समय पर उत्पादन और बाजार तक पहुंचने का अवसर देती है. साथ ही वे अगले फसल चक्र की तैयारी भी जल्दी शुरू कर सकते हैं.
मॉनसून के दौरान बुवाई का सही समय
कृषि विशेषज्ञ के अनुसार, जून के दूसरे सप्ताह से लेकर जुलाई के पहले सप्ताह तक का समय सोयाबीन की बुवाई के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है. इस दौरान मॉनसून की शुरुआती बारिश के कारण मिट्टी में पर्याप्त नमी बनी रहती है, जिससे बीजों का अंकुरण बेहतर होता है. हालांकि, खेती के दौरान एक बात का विशेष ध्यान रखना जरूरी है कि, खेत में पानी जमा न हो. अत्यधिक जलभराव फसल को नुकसान पहुंचा सकता है. इसलिए अच्छी जल निकासी वाली भूमि सोयाबीन उत्पादन के लिए सबसे उपयुक्त मानी जाती है.
अच्छी पैदावार से बढ़ सकती है आय
अगर किसान अच्छी गुणवत्ता वाले बीजों और आधुनिक खेती के तरीकों का इस्तेमाल करें, तो सोयाबीन की पैदावार 20 से 25 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक पहुंच सकती है. अच्छी पैदावार और बाजार में लगातार बनी रहने वाली मांग की वजह से सोयाबीन किसानों के लिए कमाई का एक अच्छा विकल्प साबित हो सकती है, जिससे उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलती है.