अगले 24 घंटे भारी! यूपी-दिल्ली समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश का खतरा, IMD ने जारी किया अलर्ट
Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है. उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में अगले 24 घंटे के दौरान तेज आंधी और बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिल सकती है. वहीं, केरल समेत दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में मॉनसून सक्रिय है.
Weather Update Today: पिछले कुछ दिनों से उत्तर भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में था, लेकिन अब मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है. कई राज्यों में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है और हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में मौसम बदला रह सकता है. बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और गरज-चमक की भी संभावना है.
हालांकि बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन कई इलाकों में तेज आंधी और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.
सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, बागपत, हापुड़, नोएडा, गाजियाबाद, अमरोहा, रामपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बलरामपुर और गोरखपुर सहित कई जिलों में बारिश के आसार हैं. वहीं कन्नौज, औरैया, इटावा और कानपुर जैसे क्षेत्रों में भी हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो सकता है. कुछ इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर जारी
राजस्थान में भी गर्मी के बीच मौसम ने करवट ली है. पिछले 24 घंटों में कई जिलों में आंधी और बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आई है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के साथ बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी मिलने के कारण मौसम में बदलाव बना हुआ है.
जयपुर, भरतपुर, बीकानेर, अजमेर, कोटा और जोधपुर संभाग के कई हिस्सों में अगले चार से पांच दिनों तक आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. कई जगहों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
दिल्ली-एनसीआर में राहत भरा मौसम
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भी गर्मी से राहत मिली है. बीते दो दिनों से हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में कमी दर्ज की गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आज और अगले 24 घंटों तक दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा में बादल छाए रह सकते हैं. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. मौसम में बदलाव का असर वायु गुणवत्ता पर भी दिखा है और राजधानी की हवा फिलहाल संतोषजनक श्रेणी में बनी हुई है.
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इसके प्रभाव से कई जगहों पर तेज बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
दक्षिण भारत में सक्रिय है मॉनसून
दूसरी ओर दक्षिण भारत में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है. केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप के कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है. पश्चिमी घाट के क्षेत्रों में भी भारी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून धीरे-धीरे महाराष्ट्र और गुजरात की ओर आगे बढ़ रहा है, जिससे आने वाले दिनों में इन राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं.
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बरसेंगे बादल
पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में मॉनसून का प्रभाव बना हुआ है. यहां तेज हवाओं और लगातार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे स्थानीय स्तर पर जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है. जहां उत्तर भारत में आंधी और बारिश गर्मी से राहत दे रही है, वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और बिजली गिरने व तेज हवाओं से बचाव करने की सलाह दी है.