अगले 48 घंटे भारी! IMD ने जारी किया बड़ा अलर्ट, इन राज्यों में मूसलाधार बारिश और बाढ़ का खतरा
Today Weather Update: मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के लिए देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. गुजरात, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है. उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
IMD Weather Update: देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 48 घंटे कई राज्यों के लिए अहम रहने वाले हैं. दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर, पश्चिमी और पहाड़ी राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, उत्तर भारत के कई इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदलेगा. कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कई इलाकों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा.
गुजरात-महाराष्ट्र में लगातार बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, अरब सागर के ऊपर बने गहरे दबाव (डीप डिप्रेशन) का असर गुजरात और महाराष्ट्र में देखने को मिल रहा है. इसकी वजह से दोनों राज्यों के कई हिस्सों में अच्छी बारिश जारी रहने की संभावना है. लगातार हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है.
उत्तर भारत में बदलेगा मौसम
उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों तक मौसम बदला हुआ रहने की संभावना है. आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, मौसम विभाग ने गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है. ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें और मौसम से जुड़ी सलाह का पालन करें.
दिल्ली-एनसीआर में मिलेगी गर्मी से राहत
दिल्ली-एनसीआर में सप्ताहांत के दौरान हल्की बारिश होने की संभावना है. अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. बारिश के कारण उमस और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. वहीं, राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) संतोषजनक श्रेणी में बना हुआ है.
राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट
राजस्थान में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने 1 और 2 अगस्त के लिए उदयपुर और जोधपुर संभाग के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं जयपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक 3 से 5 अगस्त के बीच भी राज्य के कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. लगातार बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
जम्मू-कश्मीर में बादल फटने से बिगड़े हालात
जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश के बीच शोपियां जिले के पेहलीपोरा गांव में बादल फटने की घटना सामने आई है. अचानक आई तेज बाढ़ से कई घरों में पानी भर गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं बारामूला समेत कई दूसरे इलाकों में भी लगातार बारिश का असर देखने को मिल रहा है. खराब मौसम को देखते हुए अमरनाथ यात्रा फिलहाल रोक दी गई है. प्रशासन ने लोगों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि, मौसम सामान्य होने तक सतर्क रहें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें.
दक्षिण भारत में मूसलाधार बारिश की चेतावनी
केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप में अगले 48 घंटे के दौरान तेज बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. केरल और लक्षद्वीप में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. तमिलनाडु के नीलगिरी, कोयंबटूर, थेनी, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी जिलों में भारी बारिश की संभावना है. समुद्र किनारे रहने वाले लोगों और मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बढ़ा बाढ़ का खतरा
असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मेघालय, त्रिपुरा, सिक्किम समेत पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. इसके अलावा पश्चिम बंगाल, झारखंड और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी अच्छी बारिश होने का अनुमान है. लगातार बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है.
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है. गरज-चमक के समय खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें. जिन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है, वहां अनावश्यक यात्रा से बचें और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करें.