मॉनसून फिर हुआ एक्टिव! दिल्ली से यूपी-बिहार तक भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया अलर्ट
Weather Update: देशभर में मॉनसून सक्रिय रहने से दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, पहाड़ी राज्यों, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा. कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है.
IMD Weather Update Today: देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान से लेकर पहाड़ी राज्यों, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक अगले कुछ दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने कई जगह हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है. इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का भी असर देखने को मिल सकता है.
मौसम में बदलाव की वजह से कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं. झारखंड और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ रहा है, जबकि उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है. इसके असर से अगले 48 घंटे में बंगाल की खाड़ी में एक और कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है.
दिल्ली में बादल छाए रहने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 16 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है. सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश हो सकती है और शाम या रात में भी एक और दौर देखने को मिल सकता है. राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार भी बढ़ सकती है. ऐसे में लोगों को खासकर शाम के समय मौसम में होने वाले बदलाव पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
यूपी में कई दिन बारिश, भारी बारिश का भी अलर्ट
उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश का असर बना रह सकता है. पश्चिमी यूपी में 16 और 17 अगस्त को कई जगह बारिश होने की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में 16 से 21 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. 18 अगस्त को पश्चिमी यूपी और 18-19 अगस्त के दौरान पूर्वी यूपी में कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है. वहीं 16-17 अगस्त को राज्य के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश की आशंका भी जताई गई है.
बिहार में बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा
बिहार में 16 अगस्त से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. कई जगह हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक वाली बौछारें पड़ने की संभावना है. 16 से 19 अगस्त के बीच कुछ इलाकों में आंधी और बिजली चमकने का असर भी रह सकता है. 17 अगस्त को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. ऐसे में लोगों को खुले इलाकों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है.
राजस्थान और पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बदलेगा
राजस्थान में 16 अगस्त को पूर्वी हिस्सों में कुछ जगह बारिश हो सकती है. बाकी इलाकों में हल्की या छिटपुट बारिश के साथ बादल छाए रहने की संभावना है. वहीं हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है. उत्तराखंड में 16 और 17 अगस्त को कुछ जगह बहुत भारी बारिश की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में भी 16 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है.
पूर्वोत्तर में तेज होगी बारिश
पूर्वोत्तर राज्यों में आने वाले दिनों में मॉनसून की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं. अरुणाचल प्रदेश में 16 से 21 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. असम और मेघालय में 17 से 21 अगस्त के बीच कई इलाकों में बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश में 16-17 अगस्त को कुछ जगह बहुत भारी बारिश और 18-21 अगस्त के बीच भारी बारिश की आशंका है. असम और मेघालय में 17 अगस्त को बहुत भारी बारिश हो सकती है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 16 से 21 अगस्त तक बारिश और गरज-चमक का असर रहने की संभावना है.
दक्षिण भारत में बारिश के साथ तेज हवाएं
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 18 से 20 अगस्त के बीच कुछ जगह भारी बारिश की संभावना है. वहीं आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में 16 से 19 अगस्त के दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. झोंकों के समय हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.