63 लाख महिलाओं के खाते में पहुंची महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त, CM ने भेजे 631 करोड़ रुपये
Mahtari Vandan Yojana 31st installment : छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने रक्षाबंधन पर्व के मौके पर राज्य की महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ दे दिया है. उन्होंने योजना की 31वीं किस्त का पैसा लाभार्थी महिलाओं को खाते में जारी कर दिया.
Mahtari Vandan Yojana Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त का पैसा जारी कर दिया है. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने बालोद जिले में बिहान दीदी और स्व-सहायता समूह सम्मान समारोह में महतारी वंदन योजना की 63.10 लाख लाभार्थी महिलाओं के खाते में की 31वीं किस्त की राशि जारी कर दी है. सीएम ने कहा कि इस योजना के जरिए महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है.
31वीं किस्त के 631 करोड़ रुपये सीएम ने भेजे
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बालोद जिले के डौंडीलोहारा में आयोजित बिहान दीदी और स्व-सहायता समूह सम्मान समारोह में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि जारी की. उन्होंने लाभार्थी 63 लाख 10 हजार महिलाओं के खातों में 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के जरिए भेजी. मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन पर्व से पहले बहनों के जीवन में खुशहाली की एक और सौगात पहुंचाने का सौभाग्य मिला है.
हर महीने 1000 रुपये देती है राज्य सरकार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये यानी सालाना 12 हजार रुपये दिए जाते हैं. यह राशि उनके सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण का बड़ा माध्यम बन गई है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक इस योजना के तहत 18,805.83 करोड़ रुपये से अधिक राशि सीधे डीबीटी के जरिए महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जा चुकी है.
महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रहीं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि देशभर में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं और छत्तीसगढ़ सरकार भी इसी दिशा में काम कर रही है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों के दौरे के दौरान कई महिलाओं ने उन्हें बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि ने उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाया है. कई महिलाओं ने इस पैसे से छोटा कारोबार शुरू किया, कुछ ने सिलाई-कढ़ाई और अन्य स्वरोजगार अपनाया. वहीं, कई परिवारों ने इस राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, इलाज और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में किया.
लखपति दीदी योजना के लिए भी सरकार कर रही काम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार महतारी वंदन योजना के साथ-साथ लखपति दीदी योजना के जरिए भी महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र महिलाओं की ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि योजना का लाभ हर योग्य महिला तक पहुंच सके. मुख्यमंत्री ने खास तौर पर बस्तर संभाग में इस काम को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए.
साल 2024 में शुरू हुई महतारी वंदन योजना
महतारी वंदन योजना की शुरुआत छत्तीसगढ़ में 1 मार्च 2024 से की गई थी. इस योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक उम्र की पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है. सरकार का कहना है कि इस योजना से महिलाओं को नियमित आर्थिक मदद मिल रही है. इससे परिवार के खर्च, बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, कुपोषण और एनीमिया से बचाव के साथ-साथ स्वरोजगार शुरू करने में भी मदद मिल रही है.