किसान से शादी करने पर मिलेगा भत्ता और स्पेशल स्टेटस? महिलाओं के लिए योजना पर सरकार लेगी फैसला

Marriage Incentive Scheme: विधायक ने सीएम को भेजी चिट्ठी में लिखा कि मैं रिक्वेस्ट करता हूं कि आने वाले बजट सेशन में गांवों में रहने वाले और खेती करने वाले पुरुषों से शादी करने वाली महिलाओं के लिए स्पेशल अलाउंस और स्पेशल स्टेटस की घोषणा की जाए.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 19 Feb, 2026 | 01:46 PM

खेती करने वाले युवा किसानों से शादी करने पर महिला को स्पेशल स्टेटस और विशेष भत्ता देने की मांग की गई है. कांग्रेस के विधायक ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि युवा किसानों की शादियां नहीं हो पा रही हैं, क्योंकि उनकी कमाई और स्टेटस कम आंका जाता है और कोई खेती किसानी करने वाले युवा को अपनी बेटी नहीं देना चाहता है. इससे उनके चुनाव क्षेत्र में कई ऐसे युवा हैं जो 30 साल की उम्र पार कर चुके हैं पर शादी नहीं हो रही है. विधायक ने स्पेशल मैरिज इंसेंटिव प्रोग्राम चालू करने की मांग की है.

कांग्रेस MLA ने कर्नाटक में युवा किसानों से शादी करने वाली महिलाओं को स्पेशल स्टेटस और अलाउंस देने की मांग की है. युवा किसानों को लाइफ पार्टनर ढूंढने में आ रही मुश्किलों को दूर करने के लिए सत्ताधारी कांग्रेस विधायक एचडी रंगनाथ ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से एक स्पेशल इंसेंटिव प्रोग्राम शुरू करने की मांग की है. पीटीआई के अनुसार सीएम को लिखी चिट्ठी में MLA रंगनाथ ने प्रस्ताव दिया कि इस कदम को आने वाले असेंबली सेशन में उठाया जाए.

सीएम को लिखी चिट्ठी में बताया 30 की उम्र के बाद भी नहीं हो रही शादी

कांग्रेस विधायक एचडी रंगनाथ ने कहा कि मेरा चुनाव क्षेत्र कुनिगल तालुक है जो ग्रामीण इलाका है और यहां के लोग खेती पर बहुत ज्यादा निर्भर हैं. बड़ी संख्या में युवा लड़के गांवों में रहते हैं और खेती करके अपना गुजारा करते हैं. उन्होंने कहा कि कई महिलाएं उनसे शादी करने से मना कर रही हैं. इसके चलते ऐसे कई पुरुष तीस साल की उम्र पार करने के बाद भी कुंवारे रह जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि मौजूदा सोशल ट्रेंड के कारण युवा किसानों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.

सामाजिक मदद के रूप में सरकार से योजना शुरू करने की अपील

विधायक ने सीएम को भेजी चिट्ठी में लिखा कि मैं रिक्वेस्ट करता हूं कि आने वाले बजट सेशन में गांवों में रहने वाले और खेती करने वाले पुरुषों से शादी करने वाली महिलाओं के लिए स्पेशल अलाउंस और स्पेशल स्टेटस की घोषणा की जाए. विधायक रंगनाथ ने कहा कि इस कदम से ग्रामीण इलाकों में युवा किसानों को होने वाली मुश्किलों को दूर करने में मदद मिलेगी और खेती-बाड़ी से होने वाली रोजी-रोटी के लिए सामाजिक मदद को बढ़ावा मिलेगा.

6 मार्च को पेश होने वाले बजट में योजना शुरू होने की संभावना

कर्नाटक सरकार का बजट सत्र 6 मार्च से 27 मार्च तक चलने की घोषणा की गई है. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया 6 मार्च को राज्य सरकार का 2026-27 के लिए बजट पेश करेंगे और यह उनका रिकॉर्ड 17वां मौका होगा जब वह बजट पेश करेंगे. बजट में कृषि और खेती से जुड़ी योजनाओं की घोषणा किए जाने की उम्मीद की जा रही है. जबकि, डीबीटी के जरिए किसानों को नकद राशि देने की योजना भी सरकार लाने पर विचार कर रही है. ऐसे में युवा किसानों से शादी करने वाली महिलाओं के लिए भत्ता और खास स्टेटस दिए जाने की घोषणा संभव है. हालांकि, अभी इस पर अंतिम फैसला नहीं किया गया है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 19 Feb, 2026 | 01:45 PM

आम में सबसे ज्यादा पाया जाने वाला विटामिन कौन सा है?