पर्याप्त आपूर्ति के चलते वैश्विक बाजार में कई कमोडिटी के भाव में तेज गिरावट दर्ज की गई है. वहीं, पश्चिम एशिया संघर्ष स्थिति स्पष्ट नहीं होने से व्यापार गतिरोध बना हुआ है. ऐसे में ग्वारसीड की वायदा कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई है. वहीं, वैश्विक और घरेलू बाजार में कमजोर मांग के चलते ग्वारगम का भाव भी लुढ़क गया है. निर्यात बाधाओं के चलते बिनौला तेल खली की खपत घटी है और इसकी कीमत में भी कमजोरी दर्ज की गई है. कमोडिटी एक्सचेंज एनसीडीईएक्स के अनुसार धनिया की वायदा कीमतों में गिरावट के बाद भाव 14,700 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया है.
भरपूर आपूर्ति से ग्वारसीड कीमतें लुढ़कीं
बाजार में उत्पादक क्षेत्रों से पर्याप्त आपूर्ति होने के बीच वायदा कारोबार में सोमवार को ग्वारसीड की कीमत 124 रुपये की गिरावट के साथ 5,990 रुपये प्रति क्विन्टल रह गई. एनसीडीईएक्स में ग्वारसीड के जुलाई माह में आपूर्ति वाले अनुबंध की कीमत 124 रुपये या 2.03 फीसदी की गिरावट के साथ 5,990 रुपये प्रति क्विन्टल रह गई. बाजार सूत्रों ने कहा कि हाजिर बाजार में उत्पादक क्षेत्रों से पर्याप्त आपूर्ति होने के कारण ग्वारसीड वायदा कीमतों में गिरावट आई.
कमजोर खपत से ग्वारगम भाव 11371 हुआ
बाजार में कमजोरी के रुख के अनुरूप कारोबारियों द्वारा अपने सौदों का आकार घटाने से वायदा कारोबार में सोमवार को ग्वारगम की कीमत 189 रुपये की गिरावट के साथ 11,371 रुपये प्रति क्विंटल रह गई. कमोडिटी एक्सचेंज एनसीडीईएक्स के अनुसार में ग्वारगम के जुलाई माह में आपूर्ति वाले अनुबंध की कीमत 189 रुपये यानी 1.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ 11,371 रुपये प्रति क्विंटल रह गई. कहा गया है कि अमेरिका और अन्य देशों में तेल एवं गैस क्षेत्र से ग्वारगम की मांग अपेक्षा से कम रहने के कारण निर्यात ऑर्डर घटे हैं.
बिनौलातेल खली वायदा कीमतों में बदलाव
हाजिर बाजार में कमजोरी के रुख के बीच कारोबारियों द्वारा अपने सौदों का आकार घटाने से वायदा कारोबार में सोमवार को बिनौला तेल खली की कीमत 26 रुपये की गिरावट के साथ 3,638 रुपये प्रति क्विंटल रह गई। एनसीडीईएक्स में बिनौलातेल खली के जुलाई माह में डिलिवरी वाले अनुबंध की कीमत 26 रुपये यानी 0.71 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,638 रुपये प्रति क्विंटल रह गई जिसमें 50,570 लॉट के लिए कारोबार हुआ।
वैश्विक बाजार में कमजोर मांग से धनिया का भाव 14700 रुपये
पश्चिम एशिया संघर्ष की स्थिति स्पष्ट नहीं होने से निर्यात प्रभावित है और वैश्विक मांग में कमजोर रही है. इसका असर धनिया की कीमतों पर तेज गिरावट के रूप में दिख रहा है. कमजोर मांग के बीच कारोबारियों द्वारा अपने सौदों का आकार घटाने से वायदा कारोबार में सोमवार को धनिया की कीमत 22 रुपये की गिरावट के साथ 14,700 रुपये प्रति क्विंटल रह गई. एनसीडीईएक्स में धनिया के अगस्त महीने में आपूर्ति वाले अनुबंध की कीमत 22 रुपये या 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 14,700 रुपये प्रति क्विंटल रह गई.