दिल्ली की महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये, जानें कौन होंगी पात्र और किन्हें नहीं मिलेगा लाभ

दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये आर्थिक सहायता देने की तैयारी है. योजना का लाभ पाने के लिए आय, निवास, उम्र और अन्य जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी. सरकार जल्द आवेदन प्रक्रिया शुरू कर सकती है. जानिए कौन महिलाएं पात्र होंगी, किन्हें लाभ नहीं मिलेगा और आवेदन कैसे किया जा सकेगा.

नोएडा | Published: 14 Jul, 2026 | 01:51 PM

Delhi Lakshmi Yojana: दिल्ली की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए दिल्ली सरकार जल्द दिल्ली लक्ष्मी योजना शुरू करने जा रही है. पहले इसे महिला समृद्धि योजना के नाम से जाना जा रहा था, लेकिन अब इसका आधिकारिक नाम दिल्ली लक्ष्मी योजना रखा गया है. सरकार की तैयारी है कि रक्षाबंधन (28 अगस्त) के आसपास इस योजना की शुरुआत कर पात्र महिलाओं के खातों में हर महीने 2,500 रुपये भेजे जाएं. हालांकि, यह लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जो सरकार द्वारा तय सभी पात्रता शर्तों को पूरा करेंगी.

इन 3 बड़ी शर्तों के बिना नहीं मिलेगा 2,500 रुपये का लाभ

दिल्ली सरकार ने योजना  के लिए कुछ महत्वपूर्ण पात्रता शर्तें तय की हैं. सबसे पहली शर्त यह है कि महिला के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं होना चाहिए. दूसरी शर्त के अनुसार, महिला या उसके परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए. तीसरी और सबसे महत्वपूर्ण शर्त यह है कि महिला कम से कम 10 साल से दिल्ली की स्थायी निवासी हो. इसके लिए 10 साल पुराना आधार कार्ड, वोटर आईडी या जन्म प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज मांगे जा सकते हैं.

कार है तो नहीं मिलेगा लाभ, उम्र भी तय

योजना का लाभ केवल 21 से 60 वर्ष आयु की महिलाओं को मिलेगा. यदि महिला या उसके परिवार के किसी सदस्य के नाम पर चार पहिया वाहन (ट्रैक्टर को छोड़कर) पंजीकृत है, तो वह इस योजना के लिए पात्र नहीं होगी. इसके अलावा, जो महिलाएं पहले से किसी अन्य सरकारी पेंशन  या नियमित आर्थिक सहायता योजना का लाभ ले रही हैं, उन्हें भी इस योजना में शामिल नहीं किया जाएगा. सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि एक परिवार से केवल एक महिला को ही योजना का लाभ मिलेगा.

परिवार की परिभाषा क्या होगी?

दिल्ली सरकार के अनुसार, इस योजना में पति, पत्नी और उनके नाबालिग बच्चों को एक परिवार माना जाएगा. यदि बेटे या बेटी की शादी हो चुकी है, तो उनका परिवार अलग माना जाएगा और वे पात्रता की शर्तें पूरी करने पर अलग से आवेदन कर सकते हैं. इस व्यवस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाना है.

कैसे करें आवेदन और कहां होगा रजिस्ट्रेशन?

दिल्ली सरकार ने योजना शुरू करने की तैयारी लगभग पूरी कर ली है. योजना लागू होने के बाद आवेदन ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाने की संभावना है. महिलाएं दिल्ली सरकार के आधिकारिक पोर्टल या निर्धारित ई-डिस्ट्रिक्ट  (e-District) पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगी. इसके अलावा, सरकार की ओर से कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) और संबंधित सरकारी सहायता केंद्रों पर भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है. आवेदन के समय आधार कार्ड, निवास प्रमाण, आय प्रमाण पत्र, बैंक खाते की जानकारी, परिवार संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र जमा करने होंगे. सरकार की ओर से आवेदन प्रक्रिया और पोर्टल की आधिकारिक घोषणा योजना के शुभारंभ के समय जारी की जाएगी. योजना का उद्देश्य पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है.

Topics: