दुष्यंत चौटाला ने गेहूं खरीद के नियमों में छूट देने की मांग की, कहा- सरकार राहत देने के बजाए घटा रही कीमतें

हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने गेहूं खरीद नियमों में छूट की मांग की है. बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसल बर्बाद हुई है. उन्होंने मंडी एंट्री और बायोमेट्रिक सिस्टम की खामियों को उजागर किया और किसानों के लिए MSP पर पूरी कीमत और राहत सुनिश्चित करने की अपील की.

नोएडा | Updated On: 7 Apr, 2026 | 09:33 PM

Agriculture News: हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने गेहूं खरीद के नियमों में छूट देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को बड़ा नुकसान हुआ है, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय नमी और चमक कम होने के आधार पर फसल की कीमतें घटा रही है. फरीदाबाद के मोहना मंडी का दौरा करने के बाद मीडिया से बातचीत में चौटाला ने सरकार से अनुरोध किया कि वह केंद्र सरकार से इस मामले को उठाए और नमी व चमक के संबंध में नियमों में छूट सुनिश्चित करे, ताकि किसानों को नुकसान का उचित मुआवजा मिल सके.

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नमी और चमक कम होने के नाम पर फसल की कीमतें  घटा रही है, जो बिल्कुल गलत है. उन्होंने मंडी एंट्री सिस्टम की भी आलोचना की और कहा कि गेट पास और बायोमेट्रिक सिस्टम कामयाब नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि किसानों को मंडियों में प्रवेश के लिए मैसेज नहीं मिल रहे हैं, जिससे किसानों और आढ़तियों दोनों को मुश्किलें हो रही हैं.

MSP पर पूरी कीमत नहीं मिल रही

चौटाला ने कहा कि भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार में किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है और वे परेशान और असहाय हैं. उनका आरोप है कि सरकार जानबूझकर कृषि और मंडी व्यवस्था को कमजोर कर रही है. प्रशासनिक लापरवाही के कारण खेतों में पकी हुई फसलें भी खराब हो रही हैं और पिछले चार दिनों से राज्य भर की मंडियों में गेहूं की खरीद बहुत कम हुई है. जहां खरीद हुई है, वहां नए मंडी सिस्टम के चलते किसानों को परेशानी हो रही है और MSP पर पूरी कीमत नहीं मिल रही.

मंडियों में किसानों को हो रही परेशानी

चौटाला ने कहा कि खराब मौसम के कारण किसान अपनी गेहूं और सरसों की फसल तुरंत बेचना चाहते हैं, लेकिन मंडियों में नमी सीमा, जांच प्रक्रिया, गेट पास और बायोमेट्रिक थंब ऑथेंटिकेशन जैसी जटिलताओं के कारण उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने फरीदाबाद की मोहना मंडी में किसानों से बातचीत भी की और उनकी समस्याओं को सामने रखा.

क्या बोले भूपेंद्र सिंह हुड्डा

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी ओलावृष्टि और बारिश के बाद फसल बर्बादी  पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को बहुत अधिक नुकसान हुआ है. लेकिन सरकार की ओर से अभी तक कोई काम नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार अपने राज्य में नुकसान का आकलन कर उसका मुआवजा उपलब्ध करवा रही है. लेकिन हरियाणा सरकार को किसानों को लेकर कई फ्रिक नहीं है. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा सरकार को भी किसानों की मदद करनी चाहिए, उनका मजाक नहीं उड़ाना चाहिए.

Published: 7 Apr, 2026 | 09:44 PM

Topics: