किसानों को बड़ी राहत, MSP पर होगी मक्का की खरीद.. खर्च होंगे 4173 करोड़ रुपये

तेलंगाना देश के प्रमुख मक्का उत्पादक राज्यों में से एक है, जहां करीब 7 लाख हेक्टेयर में इसकी खेती होती है और औसत पैदावार लगभग 65.66 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है. मक्का का MSP 2,400 रुपये प्रति क्विंटल है, लेकिन वैश्विक कीमतें घटने की वजह से मंडियों में इसका भाव करीब 1,600 रुपये तक गिर गया है.

नोएडा | Updated On: 28 Apr, 2026 | 07:29 PM

Telangana News: तेलंगाना की मंडियों में मक्का रेट न्यूनतम समर्थ (MSP)  मूल्य से काफी कम हो गया है. ऐसे में किसानों को नुकसान से उबारने के लिए तेलंगाना सरकार ने दखल देने का फैसला किया है. सरकार कुल अनुमानित 43.20 लाख टन उत्पादन में से कम से कम एक-तिहाई मक्का की खरीद करेगी. राज्य सरकार ने ऐलान किया है कि वह किसानों से MSP पर 2,400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से  14.89 लाख टन मक्का की खरीद करेगी. इसके लिए 4,173 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

राज्य सरकार को उम्मीद है कि उसके इस फैसले से मक्का किसानों को फायदा होगा. खासकर किसानों को नुकसान  से बचाया जा सकेगा. खास बात यह है कि मक्का खरीद प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी भी मिल गई है और TS मार्कफेड को फंड जुटाने के लिए जरूरी गारंटी भी देने पर सहमति जताई गई है.

7 लाख हेक्टेयर में मक्का की खेती

तेलंगाना देश के प्रमुख मक्का उत्पादक राज्यों में से एक है, जहां करीब 7 लाख हेक्टेयर में इसकी खेती होती है और औसत पैदावार लगभग 65.66 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है. मक्का का MSP 2,400 रुपये प्रति क्विंटल है, लेकिन वैश्विक कीमतें घटने की वजह से मंडियों में इसका भाव करीब 1,600 रुपये तक गिर गया है. इससे किसानों को प्रति क्विंटल लगभग 800 रुपये का नुकसान हो रहा है.

तेलंगाना की मंडियों में मक्का का भाव (Source-Agmarknet)

मंडी का नाम आगमन तिथि आवक (मीट्रिक टन) किस्म न्यूनतम भाव (₹/क्विंटल) अधिकतम भाव (₹/क्विंटल) मॉडल भाव (₹/क्विंटल)
अचमपेट APMC 26/04/2026 2.25 लोकल 1,857 1,861 1,857
अचमपेट APMC 27/04/2026 6.00 लोकल 1,380 1,837 1,801
बड़ेपल्ली APMC 27/04/2026 244.30 लोकल 1,601 1,836 1,786
बड़ेपल्ली APMC 28/04/2026 233.70 लोकल 1,631 1,837 1,781
भैंसा APMC 28/04/2026 3.35 हाइब्रिड 1,753 1,758 1,753

खम्मम में मक्का किसानों का प्रदर्शन

खम्मम जैसे इलाकों में किसानों ने विरोध प्रदर्शन भी किया और सरकार से मक्का खरीदने  की मांग की. अब तक राज्य सरकार ने 209 केंद्रों के जरिए 45,000 से ज्यादा किसानों से करीब 2.42 लाख टन मक्का खरीदकर लगभग 580.80 करोड़ रुपये खर्च किए हैं. गिरती कीमतों को देखते हुए राज्य सरकार ने केंद्र से भी किसानों के लिए आर्थिक मदद देने की अपील की है.

 मक्का का लेटेस्ट रेट

Agmarknet के आंकड़ों  के मुताबिक, तेलंगाना की विभिन्न मंडियों में हाल के दिनों में मक्का की आवक और कीमतों में हल्का उतार-चढ़ाव देखा गया है. अचमपेट APMC में 26 अप्रैल को 2.25 टन आवक के साथ भाव करीब 1,857 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि 27 अप्रैल को आवक बढ़कर 6 टन हुई और मॉडल भाव 1,801 रुपये दर्ज किया गया. बड़ेपल्ली APMC में 27 अप्रैल को 244.30 टन आवक के साथ मॉडल भाव 1,786 रुपये रहा, वहीं 28 अप्रैल को 233.70 टन आवक पर भाव 1,781 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. भैंसा APMC में 28 अप्रैल को 3.35 टन हाइब्रिड फसल की आवक हुई, जहां मॉडल भाव 1,753 रुपये प्रति क्विंटल रहा. कुल मिलाकर, मंडियों में कीमतें सामान्य स्तर पर बनी हुई हैं.

Published: 28 Apr, 2026 | 08:01 PM

Topics: