अक्षय तृतीया के चलते फ्रूट मार्केट में हलचल, अचानक कीमतों में बढ़ोतरी.. 2000 रुपये दर्जन हुआ आम
तुलसीबाग के विक्रेताओं का कहा कि हर साल त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने से कीमतें ऊपर जाती हैं. उसने कहा कि अगले दो-तीन दिनों में दाम 300- 400 रुपये प्रति दर्जन और बढ़ सकते हैं. उम्मीद है कि अक्षय तृतीया के आसपास कीमतें अपने उच्च स्तर पर पहुंचेंगी और इसके बाद जैसे-जैसे नई आवक बढ़ेगी, दाम धीरे-धीरे स्थिर हो जाएंगे.
Mango Price Hike: अक्षय तृतीया आम कारोबारी और किसानों के लिए राहत की उम्मीद लेकर आया है. इस पर्व के चलते महाराष्ट्र के पुणे में आम की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी शुरू हो गई है. इससे किसानों ने राहत की सांस ली है. उन्हें अब उनकी उपज का बेहतर रेट मिल रहा है. कहा जा रहा है कि अक्षय तृतीया की वजह से मार्केट में अल्फांसो की मांग बढ़ गई है, जबकि आपूर्ति में देरी होने से दाम ऊपर जा रहे हैं. मौजूदा वक्त में अल्फांसो 2,000 रुपये प्रति दर्जन बिक रहा है. अभी इसकी कीमतों में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है.
हालांकि, 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया है. यानी त्योहार के आने में अभी 2 दिन बचे हैं. ऐसे में मांग बढ़ने पर कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है. क्योंकि अक्षय तृतीया को हिंदू पंचांग में शुभ माना जाता है. इस त्योहार पर बहुत लोग फलाहार रहते हैं. ऐसे में अल्फांसो (हापुस) आम की मांग और बढ़ जाती है. व्यापारियों के अनुसार इस साल बेमौसम बारिश की वजह से फसल करीब एक महीने देरी से आ रही है. इसी कारण पिछले साल की तुलना में आम के दाम 200 से 300 रुपये प्रति दर्जन तक बढ़ चुके हैं और आने वाले दिनों में और बढ़ोतरी की संभावना है.
आम की मांग लगातार बढ़ रही है
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, तुलसीबाग इलाके में अल्फांसो आम 1,000 से 1,400 रुपये प्रति दर्जन बिक रहा है, जबकि डेक्कन जिमखाना में इसकी कीमत 1,400 से 2,000 रुपये प्रति दर्जन तक पहुंच गई है. विक्रेताओं के अनुसार पिछले एक हफ्ते में आम की मांग लगातार बढ़ी है, लेकिन आपूर्ति उतनी नहीं बढ़ी, जिससे शहर के प्रमुख बाजारों में कीमतों पर दबाव बढ़ गया है.
- ईरान-इजरायल जंग से आम निर्यात प्रभावित, कीमतों में भारी गिरावट.. 150 रुपये किलो अल्फांसो
- ब्लैक थ्रिप्स से आम की फसल प्रभावित.. उत्पादन कम होने से कीमतों में बढ़ोतरी, 23000 रुपये क्विंटल रेट
- देश में 180 लाख टन से ज्यादा है खाद का स्टॉक, खरीफ सीजन में उर्वरक आपूर्ति को लेकर केंद्र ने बनाई रणनीति
- सरसों के उत्पादन में 3.64 फीसदी की बढ़ोतरी, राजस्थान पहले स्थान पर.. जानें MP, यूपी, हरियाणा का हाल
आम की आवक में एक महीने की देरी
शिवाजीनगर के एक विक्रेता ने कहा कि इस साल आपूर्ति कम है, क्योंकि फसल करीब एक महीने देरी से आई है और भारी बारिश भी हुई है. आमतौर पर इस समय तक बाजार में ज्यादा आवक हो जाती है, लेकिन अभी माल की मात्रा कम ही आ रही है. विक्रेताओं के अनुसार बाजार में आम की आवक अभी भी सीमित है. पिछले कुछ दिनों में कई दुकानदारों ने कीमतें बढ़ा दी हैं और कुछ जगहों पर आम 2000 रुपये प्रति दर्जन तक बिक रहा है. डेक्कन जिमखाना की एक फल विक्रेता आशा वाघ ने कहा कि इस साल बेमौसम बारिश की वजह से दाम पिछले साल की तुलना में काफी ज्यादा हैं और आने वाले एक-दो दिनों में और बढ़ोतरी हो सकती है.
अभी कीमतों में और हो सकती है बढ़ोतरी
तुलसीबाग के विक्रेता सुधीर नाथू ने कहा कि हर साल त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने से कीमतें ऊपर जाती हैं और अगले दो-तीन दिनों में दाम 300- 400 रुपये प्रति दर्जन और बढ़ सकते हैं. उम्मीद है कि अक्षय तृतीया के आसपास कीमतें अपने उच्च स्तर पर पहुंचेंगी और इसके बाद जैसे-जैसे नई आवक बढ़ेगी, दाम धीरे-धीरे स्थिर हो जाएंगे.