Lakhpati Bitiya Yojana: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु देंगी लखपति बिटिया योजना की सौगात, बेटियों को मिलेंगे 1 लाख रुपये

Delhi Lakhpati Bitiya Yojana : मुख्यमंत्री ने कहा कि 'दिल्ली लखपति बिटिया योजना' राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु लॉन्च करेंगी. योजना के जरिए बेटियों को 1 लाख रुपये से ज्यादा राशि मिलेगी. योजना को डिजिटल रखा गया है, ताकि आवेदन समेत अन्य कार्यों में आसानी हो सके.

नोएडा | Published: 1 Mar, 2026 | 03:19 PM

होली से पहले बेटियों को सहायता राशि देने वाली योजना की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करने जा रही हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ का शुभारंभ करेंगी. योजना के तहत बेटियों को 1 लाख रुपये मदद के तौर पर दिए मिलेंगे. यह राशि अलग-अलग चरण में लाभार्थी बेटियों के खाते में डाली जाएगी. महिलाओं और बालिकाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में दिल्ली सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना पर आधिकारिक मुहर लगा दी है.

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि महिला सशक्तीकरण के प्रति दिल्ली सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ है. सोमवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में ‘सशक्त नारी समृद्ध दिल्ली’ समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ का शुभारंभ करेंगी. यह योजना महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित की जा रही है.

दिल्ली लखपति बिटिया योजना में कई चरणों में जमा होंगे पैसे

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते समय और उच्च शिक्षा की बढ़ती लागत को देखते हुए बालिकाओं के लिए प्रभावी और भविष्योन्मुखी योजना बनाने की जरूरत थी. इसी सोच के साथ लाडली योजना को विस्तारित और सुदृढ़ रूप में ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ के रूप में पुनर्गठित किया गया है. पूर्व संरचना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र बालिका के नाम पर संस्थागत जन्म होने पर 11,000 रुपए और घरेलू जन्म होने पर 10,000 रुपए जमा किए जाते थे. इसके अतिरिक्त कक्षा एक, छह और नौवीं में प्रवेश, कक्षा दसवीं उत्तीर्ण करने तथा कक्षा बारह में प्रवेश जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक पड़ावों पर 5,000 रुपए की राशि जमा की जाती थी। यह संचित राशि ब्याज सहित 18 वर्ष की आयु में निकाली जा सकती थी.

56 हजार जमा करेगी सरकार और मेच्योरिटी पर 1 लाख से ज्यादा मिलेंगे

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नई योजना में सहायता की राशि और दृष्टिकोण दोनों को व्यापक रूप से बढ़ाया गया है. अब बालिका के नाम पर विभिन्न चरणों में कुल 56,000 रुपए जमा किए जाएंगे और ब्याज सहित 21 वर्ष की आयु तक यह परिपक्वता मूल्य 1 लाख रुपए से अधिक होने की उम्मीद है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि स्नातक या व्यावसायिक डिप्लोमा पूरा करना अपवाद नहीं बल्कि सामान्य उपलब्धि बने.

कैसे और कब मिलेगा पैसा

नई योजना पूरी तरह डिजिटल होगी. फंड का प्रबंधन एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड करेगी और निवेश एसबीआई लाइफ धनराशि साधन के अंतर्गत होगा. विभाग की ओर से जमा की गई राशि बालिका की उम्र के साथ बढ़ती रहेगी और मेच्योरिटी पर पूरी होने पर राशि सीधे लाभार्थी के आधार से जुड़े बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी.

दिल्ली लखपति बिटिया योजना की पात्रता शर्तें

योजना का लाभ उन्हीं परिवारों को मिलेगा, जिनकी वार्षिक आय 1.20 लाख रुपए से अधिक न हो तथा जो पिछले तीन वर्षों से दिल्ली में रह रहे हों. बालिका का जन्म दिल्ली में होना अनिवार्य है. पंजीकरण जन्म के एक वर्ष के भीतर या निर्धारित शैक्षणिक पड़ावों पर कराया जा सकता है. यह लाभ प्रति परिवार दो जीवित बालिकाओं तक सीमित रहेगा. महत्वपूर्ण रूप से योजना का दायरा बढ़ाकर भारत में किसी भी सरकारी मान्यता प्राप्त या यूजीसी मान्यता प्राप्त संस्थान में स्नातक या व्यावसायिक डिप्लोमा पाठ्यक्रम कर रही लड़‌कियों को शामिल किया गया है. परिपक्वता लाभ केवल शैक्षणिक शर्तों की पूर्ति पर ही देय होगा.

Topics: