70 लाख किसानों के खाते में आज आएंगे 3590 करोड़ रुपये, दूसरी-तीसरी किस्तें अप्रैल में भी जारी होंगी 

Rythu Bharosa Yojana: तेलंगाना सरकार किसानों को रायथू भरोसा योजना के तहत आज वित्तीय मदद के रूप में राशि जारी करेगी. मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ऑयल पाम प्रोसेसिंग फैक्ट्री के उद्घाटन मौके पर किसानों के बैंक खाते में राशि ट्रांसफर करेंगे.

नोएडा | Updated On: 22 Mar, 2026 | 11:32 AM

Telangana News: तेलंगाना के 70 लाख किसानों के खाते में आज रायथू भरोसा योजना के तहत पहली किस्त के रूप में 3590 करोड़ रुपये आएंगे. मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी किसानों के खाते में जारी करेंगे. दूसरी और तीसरी किस्त की राशि अप्रैल के दूसरे सप्ताह में और अंतिम सप्ताह में जारी की जाएगी. राज्य सरकार किसानों को रबी सीजन और खरीफ सीजन के लिए प्रोत्साहन राशि के रूप में दी जाती है. बता दें कि रायथु भरोसा योजना का लाभ ऐसे किसानों को दिया जा रहा है जो कम से कम एक एकड़ जमीन के मालिक हैं और खेती करते हैं.

तेलंगाना सरकार राज्य के किसानों को रायथू भरोसा योजना के तहत आज वित्तीय मदद के रूप में राशि जारी करेगी. मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी आज रविवार को सिद्दीपेट जिले के नंगुनूर मंडल के नर्मेटा गांव में एक ऑयल पाम प्रोसेसिंग फैक्ट्री का शाम 4 बजे उद्घाटन करेंगे और साथ ही 70 लाख किसानों के खातों में ‘रायथु भरोसा’ सहायता की पहली किस्त भी जमा करेंगे.

डीबीटी के जरिए 3590 करोड़ रुपये आज जारी होंगे

मुख्यमंत्री ने हैदराबाद रैली में किसानों को 22 मार्च से राशि जारी करने का ऐलान किया था, जिसके तहत आज ‘रायथु भरोसा’ के तहत राशि जारी की जाएगी. तेलंगाना सरकार की ओर से कहा गया है कि आज किसानों के लिए ‘रायथु भरोसा’ निवेश सहायता योजना के तहत फंड देने की शुरूआत की जा रही है. मुख्यमंत्री पॉम ऑयल प्लांट के शुभारंभ के मौके पर डीबीटी के जरिए लाभार्थियों के खाते में 3590 करोड़ रुपये ट्रांसफर करेंगे.

सालाना 12 हजार रुपये देती है राज्य सरकार

तेलंगाना सरकार की रायथू भरोसा योजना के तहत किसानों को सालाना 12,000 प्रति एकड़ की वित्तीय सहायता दी जाती है. यह सहायता राशि रबी और खरीफ दोनों फसल सीजनों के लिए होती है, जिसमें प्रत्येक सीजन में 6,000 रुपये प्रति एकड़ दिए जाते हैं. राज्य सरकार ने योजना के तहत सालाना बजट राशि 9000 करोड़ रुपये निर्धारित की है, जो 3 किस्तों में किसानों के खाते में भेजी जाएगी.

दूसरी और तीसरी किस्त का पैसा अप्रैल में जारी होगा

तेलंगाना सरकार के अनुसार पहली किस्त के रूप में 3590 करोड़ रुपये आज जारी होंगे. दूसरी किस्त के रूप में 2,650 करोड़ रुपये 9 या 10 अप्रैल को जारी किए जाएंगे. इसके बाद बाकी राशि 2,860 करोड़ रुपये तीसरी किस्त के रूप में अप्रैल महीने के अंत से पहले जारी की जाएगी. रायथु भरोसा योजना का लाभ ऐसे किसानों को दिया जा रहा है जो कम से कम एक एकड़ जमीन के मालिक हैं और खेती करते हैं.

Published: 22 Mar, 2026 | 11:24 AM

Topics: