बंगाल का आलू दूसरे राज्यों में भेजेगी भाजपा, अमित शाह बोले- 2 नहीं 22 रुपये होगा आलू का दाम 

Bengal Potatoes Price: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल में आलू के गिरते भाव पर चिंता जताते हुए कहा कि बीजेपी यह पक्का करेगी कि आलू बिहार, झारखंड और ओडिशा जैसे राज्यों में भेजे जाएं, ताकि उनकी कीमतें बढ़ें और उनका दाम 25 रुपये से ऊपर बना रहे.

नई दिल्ली | Published: 23 Apr, 2026 | 07:12 PM

पश्चिम बंगाल के पुरसुराह इलाके में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि राज्य के आलू किसान उपज का सही भाव नहीं मिलने से परेशान हैं. उन्होंने कहा कि ये जमीन आलू की राजधानी है. मगर ममता दीदी की जिद के कारण आलू का दाम किसानों को नहीं मिलता. 22 रुपये का आलू 2 रुपये में बिकता है. उन्होंने कहा कि भाजपा यहां के आलू को बिहार, ओडिशा और झारखंड भेजकर इसका दाम बढ़ाएगी. उन्होंने आलू बीज केंद्र स्थापित करने का भी वादा किया है.

आलू बीज केंद्र स्थापित करने का वादा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुरसुराह में चुनावी रैली में ममता सरकार पर आलू किसानों को सही भाव नहीं दिलाने का आरोप लगाया. अमित शाह ने कहा कि इस इलाके में आलू का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है, लेकिन यहां बीजों के लिए कोई केंद्र नहीं है. बंगाल अपने बीज पंजाब से मंगवाता है. मोदी सरकार यहां एक आलू बीज उत्पादन केंद्र स्थापित करेगी, जिससे बीजों की कीमतें आधी हो जाएंगी.

10 स्थानों पर आलू के चिप्स बनाने वाली फैक्ट्री लगेंगी

गृह मंत्री ने कहा कि हमारे घोषणा पत्र में हमने तय किया है कि इस जिले से लेकर विष्णुपुर तक 10 जगह पर आलू की चिप्स बनाने की फैक्ट्री डालेंगे. जिससे आलू किसानों को आलू का उचित दाम मिलेगा. फैक्ट्रियां अपनी जरूरत का आलू स्थानीय किसानों से खरीदेंगी. इससे आलू की ज्यादा कीमत किसानों को मिल सकेगी. वहीं, प्रतिस्पर्धा बढ़ने से आलू की कीमतें बढ़ेंगी और बीजों की कीमतें आधी हो जाएंगी. इससे आलू उगाने वाले किसानों को जबरदस्त फायदा होगा.

ममता सरकार पर दूसरे राज्यों को आलू भेजना बंद करने का आरोप

गृह मंत्री ने कहा कि ये पुरसुराह की भूमि बंगाल की आलू की राजधानी है. मगर ममता दीदी की जिद के कारण आलू का दाम किसानों को नहीं मिलता. 22 रुपये का आलू 2 रुपये में बिकता है और दीदी के माथे पर जूं नहीं रेंगती है. दीदी ने झारखंड, बिहार और ओडिशा में आलू भेजना बंद कर दिया, जिस कारण यहां आलू का दाम गिर गया है. उन्होंने कहा कि आलू का दाम 22 रुपये की जगह 2 रुपये हो गया है.

आलू का दाम 25 रुपये से ऊपर रखने का वादा

अमित शाह ने कहा कि बीजेपी यह पक्का करेगी कि आलू बिहार, झारखंड और ओडिशा जैसे राज्यों में भेजे जाएं, ताकि उनकी कीमतें बढ़ें और उनका दाम 25 रुपये से ऊपर बना रहे. उन्होंने कहा कि 5 तारीख को भाजपा सरकार बना दो, हम आलू को झारखंड, बिहार और ओडिशा भेजेंगे, अपने आप आलू का दाम बढ़ जाएगा. गृह मंत्री ने कहा कि बंगाल में मुख्यमंत्री वही बनेगा जो बंगाल में ही पैदा हुआ हो और बंगाली बोलता हो. लेकिन. सबसे अहम बात यह है कि वह मुख्यमंत्री BJP का ही कोई कार्यकर्ता होगा.

Topics: