फसल बर्बाद होने की टेंशन खत्म! बीमा कराएं, प्राकृतिक आपदा में मिलेगा सहारा
मौसम की अनिश्चितता से फसल नुकसान का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच बन सकती है. किसान समय पर बीमा कराकर सूखा, बाढ़, जलभराव, कीट और रोगों से खराब हुई फसल पर आर्थिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं.
Pradhan Mantri Fasal Bima Yojana: भारत में खेती को अक्सर मानसून पर निर्भर माना जाता है, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में किसान बारिश के आधार पर फसल उत्पादन करते हैं. लेकिन कभी ज्यादा बारिश तो कभी सूखे की स्थिति किसानों की मेहनत पर पानी फेर देती है. प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल खराब होने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. ऐसे में फसल बीमा योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत सहारा बन सकती है. कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, किसान समय रहते अपनी फसलों का बीमा कराकर नुकसान की भरपाई में मदद पा सकते हैं.
प्राकृतिक आपदाओं से फसल नुकसान का मिलेगा सहारा
कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार के अनुसार, मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए किसानों के लिए फसल बीमा कराना बेहद जरूरी है. अतिवृष्टि, सूखा, बाढ़, जलभराव, कीट और रोगों के कारण फसल खराब होने पर बीमा योजना के तहत किसानों को आर्थिक सहायता मिल सकती है. उन्होंने बताया कि खेती में जोखिम लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में किसान फसल की बुवाई से पहले बीमा कराकर अपनी मेहनत और लागत को सुरक्षित कर सकते हैं. इससे प्राकृतिक आपदा के समय किसान को पूरी तरह आर्थिक संकट का सामना नहीं करना पड़ता.
किसान अपनी इच्छा से करा सकते हैं फसल बीमा
फसल बीमा योजना की शुरुआत किसानों को प्राकृतिक जोखिमों से सुरक्षा देने के उद्देश्य से की गई थी. पहले जिन किसानों ने कृषि ऋण लिया होता था, उनकी फसल का बीमा स्वत: हो जाता था. लेकिन बाद में नियमों में बदलाव करते हुए इसे किसानों के लिए स्वैच्छिक कर दिया गया. कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार ने बताया कि अब किसान अपनी इच्छा के अनुसार प्रीमियम जमा कर अपनी फसल का बीमा करा सकते हैं. इससे छोटे और सीमांत किसानों को भी मौसम से होने वाले नुकसान से राहत मिल सकती है.
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से कर सकते हैं आवेदन
फसल बीमा कराने के लिए किसानों को कुछ जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होती है. इनमें आधार कार्ड, जमीन से जुड़े दस्तावेज, बैंक पासबुक की कॉपी और स्वघोषणा पत्र या कृषि विभाग से संबंधित दस्तावेज शामिल हैं. किसान फसल बीमा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के आधिकारिक पोर्टल या सरकारी Crop Insurance App का उपयोग किया जा सकता है. इसके अलावा किसान नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या संबंधित कृषि विभाग कार्यालय में जाकर भी आवेदन कर सकते हैं. कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, किसानों को आवेदन की अंतिम तारीख से पहले बीमा जरूर करा लेना चाहिए. आमतौर पर खरीफ फसलों के लिए आवेदन की समय सीमा जुलाई के अंत तक रहती है, लेकिन किसान अपने क्षेत्र के अनुसार जानकारी जरूर प्राप्त करें.
फसल खराब होने पर 72 घंटे में करें क्लेम
फसल बीमा का लाभ लेने के लिए नुकसान की जानकारी समय पर देना जरूरी होता है. यदि प्राकृतिक आपदा के कारण फसल खराब हो जाती है तो किसान को नुकसान की सूचना 72 घंटे के अंदर संबंधित कृषि अधिकारी, बैंक या बीमा कंपनी को देनी चाहिए. कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार के अनुसार, बीमा योजना के तहत बुवाई में बाधा, खड़ी फसल को नुकसान, सूखा, बाढ़, जलभराव, रोग और कीट प्रकोप जैसी परिस्थितियों में किसानों को क्लेम मिल सकता है. किसान फसल नुकसान की शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं. समय पर सूचना और सही दस्तावेजों के साथ आवेदन करने से किसानों को बीमा राशि प्राप्त करने में आसानी होती है. फसल बीमा अपनाकर किसान मानसून की अनिश्चितता के बीच अपनी खेती को अधिक सुरक्षित बना सकते हैं.