अब किसान बनेंगे डिजिटल! Farmer ID से सिर्फ 15 मिनट में मिलेगा KCC लोन, कागज की भी नहीं पड़ेगी जरूरत
Bihar farmer ID scheme: अब किसानों को लोन के लिए बैंक के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है. बिहार सरकार की Farmer ID योजना के तहत सिर्फ 15 मिनट में बिना दस्तावेज के KCC लोन मिल सकेगा. साथ ही AI तकनीक से खेती की सलाह भी मिलेगी, जिससे किसान आसानी से सही फैसले लेकर अपनी आय बढ़ा सकेंगे.
KCC Loan: खेती के लिए समय पर पैसा मिलना किसानों के लिए सबसे बड़ी चुनौती होती है. अक्सर उन्हें बैंक के चक्कर लगाने पड़ते हैं और कई तरह के दस्तावेज जुटाने पड़ते हैं, जिससे काफी समय और मेहनत लगती है. लेकिन अब बिहार सरकार की नई डिजिटल पहल फार्मर आईडी (‘Farmer ID’) इस पूरी प्रक्रिया को बेहद आसान बनाने जा रही है. इस नई व्यवस्था के तहत किसान मात्र 15 मिनट में बिना झंझट के लोन प्राप्त कर सकेंगे.
Farmer ID: खेती को डिजिटल बनाने की बड़ी पहल
बिहार सरकार ने किसानों के लिए एक खास डिजिटल पहचान प्रणाली शुरू की है, जिसे ‘फार्मर आईडी’ कहा जा रहा है. इस आईडी में किसान की जमीन, फसल, बैंक और पहचान से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी पहले से ही दर्ज होगी. जब किसान किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के तहत लोन के लिए आवेदन करेगा, तो उसे बार-बार दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. बैंक इसी डिजिटल डेटा के आधार पर तेजी से लोन मंजूर कर देंगे.
अब सिर्फ 15 मिनट में मिलेगा KCC लोन
नई व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अब किसान को लोन के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. जहां पहले यह प्रक्रिया कई दिनों या हफ्तों में पूरी होती थी, वहीं अब इसे सिर्फ 15 मिनट में पूरा किया जा सकेगा.
यह सुविधा खासतौर पर छोटे और सीमांत किसानों के लिए फायदेमंद है, जिन्हें खेती के लिए तुरंत पैसों की जरूरत होती है. समय पर लोन मिलने से किसान बीज, खाद और अन्य जरूरी चीजें बिना देरी के खरीद सकेंगे.
AI तकनीक से मिलेगी खेती की सलाह
सरकार ने इस योजना को और प्रभावी बनाने के लिए तकनीक का भी सहारा लिया है. ‘बिहार कृषि मोबाइल ऐप’ को एआई प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है, जिसमें चैटबॉट की सुविधा दी गई है. किसान इस ऐप के जरिए फसल, मौसम, खाद और खेती से जुड़े अन्य सवालों के जवाब तुरंत पा सकते हैं. इससे उन्हें सही समय पर सही निर्णय लेने में मदद मिलेगी और उनकी पैदावार भी बेहतर होगी. इस नई व्यवस्था का असर तेजी से दिखने लगा है. लाखों किसान पहले ही बिहार कृषि ऐप से जुड़ चुके हैं और फार्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है. सरकार का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक किसानों को इस डिजिटल सिस्टम से जोड़ा जाए.
किसानों को मिलेगा सीधा फायदा
फार्मर आईडी और डिजिटल लोन सिस्टम का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी. किसान सीधे बैंक और सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे. इससे न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि पारदर्शिता भी बढ़ेगी और किसानों की आय में सुधार होगा. बिहार सरकार की यह नई पहल खेती को डिजिटल और आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम है. फार्मर आईडी के जरिए 15 मिनट में लोन मिलने की सुविधा किसानों के लिए किसी क्रांति से कम नहीं है.