Fake Pesticides Supply in Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ में घटिया और नकली कीटनाशक समेत अन्य कृषि उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए प्रदेश स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. जांजगीर चांपा जिले में कई इलाकों में छापेमारी के दौरान मानक के विपरीत और प्रतिबंध कीटनाशकों और कृषि उत्पादों की बिक्री करते पाए गए 17 विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं. इसके अलावा कृषि विभाग ने 48 से ज्यादा खाद विक्रेताओं को नोटिस जारी किया गया है. वहीं, 28 विक्रेताओं पर कीटनाशक बिक्री करने पर रोक लगा दी गई है.
28 दुकानों पर कीटनाशक बिक्री पर रोक लगाई गई
किसानों को गुणवत्तापूर्ण और मानक कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए जांजगीर-चांपा जिले में कृषि विभाग की ओर से निजी कीटनाशक विक्रय केंद्रों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है. जिले के नैला स्थित बालाजी कृषि केंद्र का लाइसेंस निलंबित किया गया है. इसके अलावा 7 दुकानों से कीटनाशकों की जब्ती, 28 दुकानों में कीटनाशक विक्रय पर प्रतिबंध और 48 निजी कृषि केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.
छापेमारी में मानक के विपरीत उत्पाद मिलने पर कार्रवाई
कृषि विभाग के उप संचालक राकेश कुमार शर्मा ने मीडिया को बताया कि जिले और विकासखंड स्तर पर निजी कृषि केंद्रों पर लगातार छापेमारी की जा रही है, क्योंकि यहां पर घटिया और नकली कृषि उत्पादों की बिक्री की शिकायतें मिली हैं. उन्होंने कहा कि हमारा इसका उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुरूप कीटनाशक उपलब्ध कराना है.
उन्होंने बताया कि शिकायतों के आधार पर जब निरीक्षण के लिए टीमें विक्रेताओं के यहां पहुंचीं तो अनियमितताओं की पुष्टि हुई. निरीक्षण के दौरान कई निजी कृषि केंद्रों में नियमों का पालन नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई. इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई है. अब तक 17 निजी कृषि केंद्रों के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं.
48 विक्रेताओं को नोटिस, 28 दुकानों पर बिक्री करने पर रोक लगाई
उप संचालक ने बताया कि नैला स्थित बालाजी कृषि केंद्र की ओर से 34 कंपनियों के लाइसेंस नहीं जुड़वाए गए थे. नियमों के उल्लंघन के चलते कृषि विभाग ने संबंधित कृषि केंद्र का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की है. इसके अलावा 48 निजी कृषि केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. वहीं 7 दुकानों में कीटनाशक जब्ती की कार्रवाई और 28 दुकानों में कीटनाशक विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है.

घटिया कीटनाशक मिलने पर दुकानों को सील किया गया.
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी होगी कार्रवाई
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि निजी कीटनाशक विक्रय केंद्रों की जांच आगे भी जारी रहेगी. विभाग द्वारा दुकानों में कीटनाशकों की गुणवत्ता, बिक्री से संबंधित नियमों और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा. जो भी निजी कृषि केंद्र नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.