जैविक खाद और 360 डिग्री पिलर से मुनाफे का नया फॉर्मूला, किसानों को ड्रैगन फ्रूट से मिल रहा तगड़ा मुनाफा

अब ड्रैगन फ्रूट की खेती का क्रेज बढ़ रहा है. किसान सीमेंट के 360 डिग्री पिलर, जैविक खाद और कम पानी की तकनीक का प्रयोग करके बाजार में 700–800 रुपये किलो बिकने वाले ड्रैगन फ्रूट से शानदार मुनाफा भी कमा रहे हैं.

किसान इंडिया डेस्क
नोएडा | Updated On: 22 May, 2026 | 02:20 PM

Dragon Fuit Farming Tips: किसान अब पारंपरिक खेती से हटकर ड्रैगन फ्रूट की आधुनिक तकनीक आधारित खेती की ओर कदम बढ़ा रहे हैं, जिसकी डिमांड खूब होती है और यह बाजार में 700-800 रुपये किलो में बिकता है. ड्रैगन फ्रूट की खेती करने के लिए किसानों को कुछ विशेष बातों का ध्यान रखना पड़ता है क्योंकि इसकी खेती करते समय बहुत सी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. इसकी खेती के लिए सबसे पहले सीमेंट का पिलर बनाना होता है, पिलर बनाने के लिए भी एक तकनीक की आवश्यकता होती है जो कि 360 डिग्री एंगल पर बनाया जाता है.

मजबूत सीमेंट पिलर की जरूरत क्यों

किसान बताते हैं कि ड्रैगन फ्रूट की खेती के लिए सबसे पहले मजबूत सीमेंट पिलर की आवश्यकता होती है, क्योंकि यह पौधा बेलनुमा होता है और उसका वजन ज्यादा होता है. हर पौधे के लिए एक मजबूत पिलर बनाना जरूरी है. पिलर के ऊपरी हिस्से में सीमेंट से गोल सर्कल तैयार किया जाता है, जिसमें चार अलग-अलग हिस्से बनाए जाते हैं, ताकि लताएं बाहर की ओर आसानी से निकल सकें. पिलर से रस्सी जोड़कर सारी लताओं को बांधकर सहारा दिया जाता है, जिससे वे जमीन को न छुएं और स्वस्थ बनी रहें.

कैसे करे पौधे की देखभाल

किसान के अनुसार इस फसल को ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती. केवल तब ही पानी देना चाहिए जब मिट्टी पूरी तरह सूख जाए. अधिक पानी देने से पौधे में फंगल इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए सावधानी बेहद जरूरी है. वे आगे बताते हैं कि उन्होंने खेती में केवल गोबर और वर्मी कम्पोस्ट जैसे जैविक खाद का उपयोग किया. गोबर और केंचुए की खाद को मिलाकर हफ्ते में जरूर देना चाहिए, जिससे पौधों की बढ़वार शानदार होती है.

एक लता में निकलते हैं 5 फल

ड्रैगन फ्रूट उगाने वाले किसानों का कहना है कि रोजाना कम से कम छह घंटे की धूप मिलनी चाहिए. उचित धूप और सही तकनीक अपनाने पर एक ही लता पर चार से पांच फल आसानी से लग जाते हैं. इन फलों से किसानों को खूब कमाई हो रही है. स्वाद में मीठा और बाजार में महंगा बिकने वाला यह फल किसानों की कमाई को नई ऊंचाई दे रहा है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 22 May, 2026 | 02:20 PM

लेटेस्ट न्यूज़