तेज आंधी से आम, नींबू और स्ट्रॉबेरी को भारी नुकसान, लीची किसानों को मुआवजे का इंतजार

storms rains damage horticulture crops: छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश और तेज आंधी ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है. यहां स्ट्रॉबेरी, डच रोज, आम, नींबू और सूरजमुखी की फसल चौपट हुई है. उद्यान विभाग ने किसानों को आर्थिक मदद देने का भरोसा दिया है.

नोएडा | Published: 10 May, 2026 | 03:46 PM

Storm Damage Horticulture Crops in Chhattisgarh: कई राज्यों में बेमौसम बारिश और आंधी ने फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है. सबसे ज्यादा नुकसान बागवानी फसलों को हुआ है. छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी के बीच मई माह में लगातार रुक-रुक कर बारिश हो रही है. तेज आंधी और बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है. यहां होने वाली स्ट्रॉबेरी, डच रोज, आम, नींबू और सूरजमुखी की फसल चौपट हुई है. पीड़ित किसानों ने प्रशासन से फसल नुकसान की भरपाई की मांग की है और फसल बीमा योजना का लाभ देने की अपील की है.

छत्तीसगढ़ में बिगड़े मौसम से खेती को भारी नुकसान

रायपुर मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के बालोद, महासमुंद, रायपुर , कोरबा, बिलासपुर, बेमेतरा, राजनांदगांव, रायगढ़ और जशपुर सहित छत्तीसगढ़ के 19 जिलों में तेज हवा के साथ बारिश देखी जा रही है. इन जिलों में गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने से फसलों को बहुत नुकसान पहुंचा है. अभी भी आंधी का अलर्ट कई जिलों के लिए जारी किया गया है.

स्ट्रॉबेरी, आम, नींबू समेत कई फसलें चौपट

छत्तीसगढ़ के कोरबा के करतला क्षेत्र में स्ट्रॉबेरी की फसल को आंधी से नुकसान पहुंचा है. जबकि, आम, अमरूद, नीबू, काजू और लीची के फल टूटकर गिर गए हैं. इससे उत्पादन पर बुरा असर देखा जा रहा है. पारंपरिक खेती के अलावा किसान अब डच रोज (गुलाब) और सूरजमुखी की खेती को भी नुकसान पहुंचा है.

बरबट्टी, कोचई और फल्ली की खेती चौपट- किसान वीर सिंह

कोरबा जिले के ग्राम दादरखुर्द निवासी किसान वीर सिंह पटेल ने मीडिया इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने गर्मी सीजन में बरबट्टी, कोचई और फल्ली की खेती की थी, लेकिन अचानक हुई तेज बारिश और आंधी से उनकी अधिकांश फसल बर्बाद हो गई. किसान का कहना है कि अब उन्हें फसल बीमा योजना और सरकार से मिलने वाली सहायता पर भरोसा है.

किसान वीर सिंह पटेल (ऊपर). उद्यान विभाग के सहायक संचालक पतराम पैकरा (नीचे).

पीएम फसल बीमा योजना बनी सहारा

छत्तीसगढ़ में हो रही बेमौसम बारिश का असर जिला कोरबा में उद्यानिकी फसलों पर भी देखने को मिल रहा है. जिले में सब्जी और अन्य उद्यानिकी फसलों की खेती करने वाले किसानों को आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से भारी नुकसान उठाना पड़ा है. ऐसे मुश्किल समय में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है.

उद्यान विभाग पीड़ित किसानों को मदद देगा- सहायक संचालक

उद्यान विभाग के सहायक संचालक पतराम पैकरा ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत उद्यानिकी फसलों का बीमा किया जाता है. असामयिक बारिश और प्राकृतिक आपदाओं से किसानों को हुए नुकसान की भरपाई योजना के माध्यम से की जाएगी. इसके अलावा ओलावृष्टि से फसल खराब होने की स्थिति में राजस्व विभाग द्वारा प्राकृतिक आपदा मद से भी मुआवजा दिया जाएगा. इसके लिए प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है.

Topics: