Tej Patta Farming: ना बड़ी जमीन, ना भारी खर्च.. तेज पत्ते की खेती से सालों तक भरता रहेगा बैंक खाता

कम जगह में मुनाफे वाली खेती की तलाश कर रहे लोगों के लिए तेज पत्ते की खेती बेहतर विकल्प बन रही है. इसकी मांग घरों से लेकर कंपनियों तक बनी रहती है. थोड़े धैर्य, सीमित पानी और सही देखभाल से यह खेती लंबे समय तक भरोसेमंद आमदनी दे सकती है किसानों और परिवारों के लिए.

नोएडा | Updated On: 1 Feb, 2026 | 07:05 PM

Tej Patta Farming : खेती से कमाई करने के लिए अब बड़ी जमीन होना जरूरी नहीं रहा. अगर आपके पास घर का आंगन, खाली कोना या थोड़ी सी जगह भी है, तो आप वहां से अच्छी आमदनी कर सकते हैं. आज हम आपको एक ऐसी खेती के बारे में बता रहे हैं, जिसकी मांग हर घर से लेकर बड़ी मसाला कंपनियों तक बनी रहती है. बात हो रही है तेज पत्ते की खेती की, जो कम जगह में शुरू होकर लंबे समय तक स्थायी कमाई का जरिया बन सकती है.

कम जगह, ज्यादा फायदा वाली खेती

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, तेज पत्ते की खेती  की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे बहुत ज्यादा जमीन की जरूरत नहीं होती. घर के आंगन या छोटे से प्लॉट में भी इसे आसानी से उगाया जा सकता है. एक सीमित जगह में 25 से 30 पौधे लगाए जा सकते हैं. एक बार पौधे अच्छे से लग जाएं, तो यह खेती सालों तक मुनाफा देती रहती है. यही वजह है कि छोटे किसान और शहरी लोग भी इसकी ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं.

बाजार में हमेशा बनी रहती है डिमांड

तेज पत्ता एक ऐसा मसाला है, जिसकी जरूरत लगभग हर घर में होती है. इसके अलावा होटल, ढाबे और बड़ी मसाला कंपनियां भी इसकी नियमित खरीद करती हैं. मीडिया रिपोर्ट बताती हैं कि इसकी मांग कभी कम नहीं होती. यही कारण है कि किसान को इसे बेचने के लिए ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ता. लोकल बाजार में भी तेज पत्ते आसानी से बिक जाते हैं और अच्छे दाम मिलते हैं.

धैर्य जरूरी, दो साल बाद मिलेगा असली फायदा

तेज पत्ते की खेती में तुरंत मुनाफा नहीं मिलता, लेकिन जो लोग धैर्य रखते हैं, उन्हें इसका बड़ा फायदा होता है. रिपोर्ट के अनुसार, पौधे लगाने के बाद  कम से कम दो साल का इंतजार करना पड़ता है. इस दौरान पौधे मजबूत होते हैं और पत्तियां देने लगते हैं. इसके बाद उत्पादन लगातार बढ़ता जाता है और कमाई भी शुरू हो जाती है. एक बार पौधा तैयार हो गया, तो लंबे समय तक पत्तियां मिलती रहती हैं.

कम पानी और आसान देखभाल

इस खेती की एक और अच्छी बात यह है कि इसमें ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती. सामान्य सिंचाई और समय-समय पर खाद डालना काफी होता है. पौधों की सेहत बनाए रखने के लिए जैविक तरीकों का इस्तेमाल किया जा सकता है. रिपोर्ट के अनुसार, नीम के तेल का घोल पौधों के लिए काफी फायदेमंद होता है. इससे कीड़े-मकोड़े नहीं लगते और पौधा सुरक्षित रहता है.

सही देखभाल से 20-25 साल तक कमाई

तेज पत्ते के पौधे अगर एक बार अच्छे से जम जाएं, तो 20 से 25 साल तक लगातार उत्पादन देते रहते हैं. मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि लोकल बाजार में इसके सूखे पत्तों की कीमत 3 से 4 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक मिल सकती है. यही वजह है कि यह खेती लंबे समय के लिए एक सुरक्षित और भरोसेमंद विकल्प मानी जाती है. सही देखभाल और थोड़े धैर्य के साथ यह खेती घर बैठे आमदनी  बढ़ाने का मजबूत जरिया बन सकती है.

Published: 2 Feb, 2026 | 06:00 AM

Topics: