Telangana News: तेलंगाना में धान और मक्का किसानों के लिए राहत की खबर है. अब उन्हें मंडियों में खरीद के दौरान परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा. क्योकि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने धान और मक्का खरीदी को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच सख्त फैसला लिया है. उन्होंने जिला कलेक्टरों को तेजी से खरीद प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि खरीदी के काम को मिशन मोड में पूरा किया जाए, ताकि किसानों को मंडियों में उपच बेचने के लिए ज्यादा दिनों तक इंतजार नहीं करना पड़े.
दरअसल, मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के कलेक्टरों से बात की और हर जिले में खरीद प्रक्रिया में आ रही समस्याओं की विस्तृत जानकारी भी मांगी. मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों से कहा कि वे किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास करें और खरीद केंद्रों पर काम सुचारु रूप से चलना सुनिश्चित करें. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अधिकारी खुद मौके पर जाकर फील्ड विजिट करें, ताकि किसानों की समस्याओं को सीधे समझा जा सके. खरीद प्रक्रिया की निगरानी मजबूत करने के लिए हर IKP (इंदिरा क्रांति पथम) केंद्र पर एक अधिकारी की तैनाती की जाएगी, जो वहां आने वाली दिक्कतों को तुरंत हल करेगा. इसी तरह सभी राइस मिलों पर भी एक सक्षम अधिकारी मौजूद रहेगा, ताकि खरीद प्रक्रिया बिना रुकावट पूरी हो सके.
किसानों को नहीं हो परेशानी
मुख्यमंत्री ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को निर्देश दिया कि खरीद केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में गन्नी बैग (बोरे) की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और खरीदे गए अनाज को बिना किसी देरी के तुरंत उठाया जाए.
ठेकेदारों पर दर्ज होगा आपराधिक मामला
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जो ठेकेदार तय समझौते के अनुसार अनाज के परिवहन के लिए पर्याप्त वाहन उपलब्ध नहीं कराएंगे, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. जरूरत पड़ने पर दोषी ठेकेदारों पर आपराधिक मामला भी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने गोदामों की उपलब्धता की समीक्षा की और कलेक्टरों को निर्देश दिया कि वे अस्थायी भंडारण सुविधाओं की भी पहचान करें, ताकि खरीदे गए अनाज को सुरक्षित रखा जा सके.
6.74 लाख टन मक्का की खरीद पूरी
वहीं, पिछले हफ्ते कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने कहा था कि 2025-26 रबी सीजन में मक्का की खेती में काफी बढ़ोतरी हुई है और इस बार औसतन प्रति एकड़ लगभग 26.57 लाख टन उत्पादन हुआ है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा इस सीजन में तेलंगाना से मक्का खरीदने से इनकार करने के बाद राज्य सरकार ने कम से कम 14.9 लाख टन मक्का खरीदने का फैसला लिया है. अब तक इसमें से 6.74 लाख टन मक्का की खरीद पूरी हो चुकी है.