Tip Of The Day: बदलते मौसम में मुरझा रहे हैं गेंदे के पौधे? अपनाएं ये आसान तरीके, फूलों से लदा रहेगा पौधा

Gardening Tips: घर में गमले में लगे गेंदा के पौधे अक्सर मौसम बदलने पर मुरझाने लगते हैं, पत्तियां पीली पड़ जाती हैं और फूल झड़ने लगते हैं. पौधों की सही देखभाल से इसे बचाया जा सकता है. पानी देने की मात्रा पर ध्यान रखें, रोजाना 4–5 घंटे धूप मिलनी चाहिए, महीने में एक बार जैविक या गोबर की खाद डालें और सूखे फूल व पत्तियों को समय-समय पर हटा दें. इन आसान उपायों से गेंदा का पौधा फिर से हरा-भरा और फूलों से लद जाएगा.

नोएडा | Updated On: 17 Feb, 2026 | 08:18 PM

Genda Ki Kheti: गेंदा का पौधा अपनी खूबसूरती और खुशबू के लिए घर-घर में पसंद किया जाता है. लेकिन मौसम बदलने के साथ-साथ कई बार यह पौधा मुरझाने लगता है, पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं या फूल झड़ने लगते हैं. अगर आप अपने गमले या बगान में गेंदा को स्वस्थ और खिलता-फूलता देखना चाहते हैं, तो कुछ आसान उपाय अपनाकर इसे फिर से हरा-भरा बनाया जा सकता है.

पानी देने का सही तरीका

गेंदा के पौधे में अधिक पानी देना नुकसानदेह हो सकता है. बदलते मौसम में रोजाना पानी देने से जड़ें सड़ सकती हैं. सबसे अच्छा तरीका यह है कि गमले की मिट्टी की ऊपरी परत को उंगली से जांचें. यदि मिट्टी सूखी लगे तो ही पानी दें. यह तरीका पौधे को जलजमाव से बचाता है और जड़ों की सेहत बनाए रखता है.

पर्याप्त धूप का महत्व

गेंदा के पौधे को रोजाना कम से कम 4-5 घंटे की सीधी धूप की आवश्यकता होती है. अगर पौधा ऐसी जगह रखा है जहां धूप कम आती है, तो इसे खुले और रोशनी वाली जगह पर शिफ्ट करें. धूप पौधे के फूलों और पत्तियों की वृद्धि के लिए बेहद जरूरी है. पर्याप्त धूप मिलने पर पौधा मजबूत और फूलों से लदा दिखाई देता है.

संतुलित खाद का इस्तेमाल

पौधे को स्वस्थ बनाए रखने और नई कोंपलें लाने के लिए खाद का सही उपयोग बहुत जरूरी है. महीने में एक बार जैविक खाद, गोबर की सड़ी खाद या कम्पोस्ट डालें. इसके अलावा, सरसों की खली का घोल भी पौधे के लिए फायदेमंद होता है. सही मात्रा में खाद देने से पौधे में नई कोंपलें बनती हैं और फूलों की संख्या बढ़ती है.

मुरझाए फूल और कीड़े से बचाव

सूखे और मुरझाए फूलों को नियमित रूप से तोड़ते रहें. इससे पौधे की ऊर्जा नए फूल बनाने में लगती है. पत्तियों पर कीड़े दिखाई दें तो नीम तेल का हल्का छिड़काव करें. यह प्राकृतिक उपाय पौधे को कीटों से बचाता है और उसे स्वस्थ बनाए रखता है.

इन आसान चार उपायों-सही पानी देना, पर्याप्त धूप, संतुलित खाद और मुरझाए फूलों को हटाना को अपनाकर आप अपने गमले के गेंदा के पौधे को फिर से हरा-भरा और फूलों से लदवा सकते हैं. मौसम बदलने के बावजूद, थोड़ा ध्यान और सही देखभाल से आपका गेंदा हमेशा खूबसूरत और जीवंत दिखेगा.

Published: 17 Feb, 2026 | 10:21 PM

Topics: