किसानों के लिए खुशखबरी! धान, दलहन, तिलहन के बीज पर 50 फीसदी सब्सिडी का ऐलान
कृषि विभाग ने मूंग के 3,946 क्विंटल, उड़द के 23,958 क्विंटल और अरहर के 21,225 क्विंटल बीज वितरण का लक्ष्य तय किया है. त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत किसानों को हाइब्रिड मक्का बीज भी उपलब्ध कराए जाएंगे. कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि 15 मई को कानपुर में मंडलीय किसान गोष्ठी आयोजित होगी.
Seed subsidy: उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए खुशखबरी है. इस बार खरीफ फसलों की बुवाई करने पर उन्हें ज्यादा खर्च नहीं करने पड़ेंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने इस खरीफ सीजन में किसानों को धान, उड़द, मूंग, तिल और मोटे अनाजों के कुल 1,96,117 क्विंटल बीज पर 50 फीसदी सब्सिडी देने का फैसला किया है. सरकार को उम्मीद है कि उसके इस फैसले से दलहन और मोटे अनाजों के रकबे में बढ़ोतरी होगी. साथ ही किसानो की कमाई भी पहले के मुकाबले ज्यादा होगी. खास बात यह है कि दलहन और तिलहन फसलों के मिनी किट भी किसानों में बांटे जाएंगे.
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि 15 मई से 80 हजार क्विंटल धान के बीजों का वितरण शुरू होगा और इसके लिए जिलों में बीज की सप्लाई भेजी जा रही है. उन्होंने ये घोषनाए कृषि भवन में बैठक के दौरान की. कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि खरीफ 2026 के लिए कृषि विभाग ने बीज और उर्वरकों की पूरी तैयारी कर ली है. राष्ट्रीय दलहन आत्मनिर्भरता मिशन के तहत किसानों को उड़द, मूंग और अरहर के 49,129 क्विंटल बीज सब्सिडी पर दिए जाएंगे. वहीं, मूंगफली उत्पादन बढ़ाने के लिए 57,446 क्विंटल बीज भी अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएंगे.
अरहर का 21,225 क्विंटल बीज वितित होगा
कृषि विभाग ने मूंग के 3,946 क्विंटल, उड़द के 23,958 क्विंटल और अरहर के 21,225 क्विंटल बीज वितरण का लक्ष्य तय किया है. त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत किसानों को हाइब्रिड मक्का बीज भी उपलब्ध कराए जाएंगे. कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि 15 मई को कानपुर में मंडलीय किसान गोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें चित्रकूट, झांसी और कानपुर मंडल के किसान और वैज्ञानिक हिस्सा लेंगे. इसके बाद 21 मई को लखनऊ में राज्य स्तरीय किसान गोष्ठी आयोजित की जाएगी.
27.54 लाख टन खाद का स्टॉक उपलब्ध है
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रदेश में इस समय 27.54 लाख टन खाद का स्टॉक उपलब्ध है. इसमें 12 लाख टन यूरिया, 4.79 लाख टन एनपीके, 3.66 लाख टन एसएसपी और 91 हजार टन पोटाश शामिल हैं. उन्होंने कहा कि खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए 10 जिलों में विशेष जांच टीमें भेजी जा रही हैं.
यूरिया का संतुलित और सही मात्रा में इस्तेमाल करें
सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे खेत की उर्वरता बनाए रखने के लिए यूरिया का संतुलित और सही मात्रा में इस्तेमाल करें. उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने के लिए 10 जिलों में विशेष जांच टीमें भेजी जा रही हैं. हाल ही में बुलंदशहर के अनूपशहर इलाके में पुलिस और कृषि विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीन ट्रकों से 1575 बैग इफको यूरिया बरामद किया. इस मामले में अवैध रूप से खाद ले जा रहे लोगों, ट्रक चालकों और पीसीएफ कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने चेतावनी दी कि खाद की तस्करी में शामिल लोगों पर रासुका (NSA) के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने किसानों से खेत की उर्वरता बनाए रखने के लिए यूरिया का संतुलित इस्तेमाल करने की अपील भी की.