Tip Of The Day: गर्मियों में गाय-भैंस का दूध बढ़ाना है? पशु को खिलाएं ये हरा चारा, बंपर होगा उत्पादन
Summer Cow Care Tips: गर्मी के मौसम में तेज तापमान का असर दुधारू पशुओं के स्वास्थ्य और दूध उत्पादन पर पड़ता है. पशु विशेषज्ञों के अनुसार इस मौसम में गाय-भैंस को ज्वार और बरसीम जैसे पौष्टिक हरे चारे खिलाने से उनका पाचन बेहतर रहता है और दूध उत्पादन में बढ़ोतरी हो सकती है. साथ ही संतुलित आहार, साफ पानी और छायादार स्थान भी पशुओं के लिए बेहद जरूरी है.
Pashu Palan Ke Tips: गर्मी का मौसम पशुपालकों के लिए कई चुनौतियां लेकर आता है. तेज धूप और बढ़ते तापमान का सीधा असर दुधारू पशुओं के स्वास्थ्य और उनके दूध उत्पादन पर पड़ता है. कई बार गर्मी की वजह से पशुओं की भूख कम हो जाती है और वे कमजोर होने लगते हैं, जिससे दूध की मात्रा भी घट जाती है. ऐसे में पशुपालकों को चाहिए कि वे पशुओं के खान-पान पर खास ध्यान दें.
रीवा मेडिकल कॉलेज की वेटरनरी एक्सपर्ट डॉ. पूजा दीक्षित ने किसान इंडिया (Kisan India) को बताया कि, गर्मियों में पशुओं को हरे चारे के रूप में ज्वार खिलाना काफी फायदेमंद होता है. यह चारा पशुओं को जरूरी पोषण देता है, जिससे उनका स्वास्थ्य बेहतर रहता है और दूध उत्पादन में भी बढ़ोतरी हो सकती है.
हरा चारा है प्राकृतिक पोषण का सोर्स
डॉ. पूजा दीक्षित का कहना है कि हरा चारा पशुओं के लिए सबसे अच्छा और नेचुरल पोषण का सोर्स होता है. ज्वार में प्रोटीन (8-10%), फाइबर, विटामिन और कई जरूरी खनिज तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. ये सभी तत्व पशुओं को ऊर्जा देने के साथ-साथ उनके शरीर को मजबूत बनाने में मदद करते हैं. गर्मी के मौसम में हरा चारा पशुओं के शरीर में पानी की कमी भी नहीं होने देता. इससे उनका पाचन तंत्र सही रहता है और वे स्वस्थ बने रहते हैं.
- किसानों के लिए अलर्ट! आम में मंजर आते ही भूलकर भी न करें ये गलती, वरना घट जाएगी पैदावार
- पौधों में बोरॉन की कमी बन सकती है बड़ा खतरा! समय रहते नहीं संभले तो घट जाएगी पैदावार, एक्सपर्ट से जानें टिप्स
- बकरी पालने वालों के लिए बड़ी चेतावनी! 24 घंटे में बकरियों की जान ले सकती हैं ये बीमारियां, एक्सपर्ट से जानें बचाव
सूखे चारे से हो सकती है परेशानी
गर्मियों में कई पशुपालक पशुओं को ज्यादा मात्रा में सूखा चारा खिलाने लगते हैं. इससे पशुओं को पाचन से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं. सूखे चारे के कारण कई बार पशुओं की भूख भी कम हो जाती है और उनका शरीर कमजोर पड़ने लगता है. ऐसे में हरा चारा पशुओं के पाचन तंत्र को सही रखने में मदद करता है. ज्वार और बरसीम घास आसानी से पचने वाले चारे हैं, जो पशुओं के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होते हैं.
ज्वार क्यों हैं फायदेमंद
ज्वार का हरा चारा गर्मियों में आसानी से उपलब्ध हो जाता है और यह पशुओं के लिए बहुत पौष्टिक होता है. इसे खिलाने से पशुओं की भूख बढ़ती है और शरीर को जरूरी पोषण मिलता है. डॉ. पूजा दीक्षित का कहना है कि, पशुओं को सिर्फ हरा चारा ही नहीं, बल्कि संतुलित आहार भी देना जरूरी है. हरे चारे के साथ-साथ पशुओं को साफ और ताजा पानी, खली-चूनी और मिनरल मिक्सचर भी देना चाहिए.
गर्मियों में इन बातों का रखें ध्यान
गर्मी के मौसम में पशुओं की सही देखभाल करना भी बहुत जरूरी है. पशुओं को हमेशा छायादार स्थान पर रखना चाहिए और उन्हें समय-समय पर पानी पिलाना चाहिए. इसके अलावा उनके रहने की जगह को साफ और हवादार रखना भी जरूरी है. अगर पशुपालक इन बातों का ध्यान रखते हुए पशुओं को ज्वार और बरसीम जैसे पौष्टिक हरे चारे खिलाते हैं, तो न केवल पशु स्वस्थ रहेंगे बल्कि दूध उत्पादन में भी अच्छी बढ़ोतरी हो सकती है. इससे पशुपालकों की आय बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है.