दूध की रानी गिर गाय से बदल रही किसानों की किस्मत, कम मेहनत में बन रहा बड़ा कमाई का रास्ता
गिर गाय की डेयरी फार्मिंग किसानों के लिए कमाई का अच्छा जरिया बन रही है. यह देसी नस्ल ज्यादा दूध देने के लिए जानी जाती है और कम खर्च में बेहतर मुनाफा देती है. सही देखभाल और आहार से इसकी उत्पादन क्षमता बढ़ती है, जिससे किसानों की आय में लगातार सुधार हो सकता है.
Gir Cow: आज के समय में किसान सिर्फ खेती तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि डेयरी फार्मिंग की ओर भी तेजी से बढ़ रहे हैं. दूध की बढ़ती मांग के कारण यह काम काफी फायदेमंद बनता जा रहा है. ऐसे में अगर सही नस्ल की गाय चुन ली जाए, तो कम मेहनत में अच्छी कमाई हो सकती है. पशु चिकित्सक कुंवर घनश्याम (KVK Noida) के अनुसार, गिर गाय एक ऐसी ही देसी नस्ल है, जिसे दूध की रानी भी कहा जाता है और यह पशुपालकों के लिए कमाई का शानदार जरिया बन रही है.
गिर गाय क्यों बन रही किसानों की पहली पसंद
पशु चिकित्सक के अनुसार, गिर गाय की सबसे बड़ी खासियत है इसका ज्यादा दूध देना. यही वजह है कि इसकी मांग हमेशा बनी रहती है. यह गाय मजबूत होती है और अलग-अलग मौसम में आसानी से खुद को ढाल लेती है. पशुपालक इसे इसलिए पसंद करते हैं क्योंकि यह दूसरी कई नस्लों के मुकाबले ज्यादा दूध देती है और बीमार भी कम पड़ती है. इसके अलावा साहीवाल, सिंधी, कांकरेज और थारपारकर जैसी देसी नस्लें भी अच्छी मानी जाती हैं, लेकिन गिर गाय को खास तौर पर ज्यादा फायदेमंद माना जाता है.
किन राज्यों में आसानी से कर सकते हैं पालन
गिर गाय मूल रूप से गुजरात के गिर क्षेत्र की है, लेकिन अब इसे देश के कई राज्यों में पाला जा रहा है. उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और हरियाणा जैसे राज्यों में भी यह गाय अच्छे से रह सकती है. इस नस्ल की खास बात यह है कि ये गर्मी और ठंड दोनों मौसम में खुद को ढाल लेती है. इसलिए छोटे और बड़े दोनों किसान इसका पालन कर सकते हैं और डेयरी बिजनेस शुरू कर सकते हैं.
सही आहार से बढ़ेगा दूध और मुनाफा
अगर आप गिर गाय पालना चाहते हैं, तो उसके खाने-पीने का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. सही आहार मिलने पर ही गाय ज्यादा दूध देगी. गाय को सूखा और हरा चारा दोनों देना चाहिए. ज्वार, जई, बरसीम और मक्का का चारा बहुत अच्छा माना जाता है. इसके अलावा गेहूं, मक्का, जौ, चना और खली को मिलाकर पशु आहार तैयार किया जा सकता है. इसमें गुड़ का पानी मिलाकर खिलाने से पोषण और बढ़ जाता है. गाजर, चुकंदर और सहजन जैसी चीजें भी गाय के लिए फायदेमंद होती हैं. सही खानपान से गाय स्वस्थ रहती है और दूध उत्पादन बढ़ता है.
कितनी होगी कमाई और कैसे बढ़ाएं मुनाफा
गिर गाय रोजाना करीब 12 लीटर तक दूध दे सकती है. अगर बाजार में दूध का अच्छा भाव मिल रहा है, तो एक गाय से महीने में करीब 19,000 से 20,000 रुपये तक की कमाई हो सकती है. इस हिसाब से सालभर में एक गाय से लगभग 2.3 लाख रुपये तक की आय हो सकती है. कमाई बढ़ाने के लिए किसान सिर्फ दूध पर निर्भर न रहें. गाय का गोबर और गोमूत्र बेचकर भी अच्छा पैसा कमाया जा सकता है. इसके अलावा दूध से पनीर, घी और दही बनाकर बेचने से भी मुनाफा बढ़ाया जा सकता है.