गर्मी बनी दुश्मन… बकरियों पर मंडरा रहा खतरा, अपनाएं ये आसान उपाय और बचाएं नुकसान

गर्मी के मौसम में बकरियों पर हीट स्ट्रेस का खतरा बढ़ जाता है, जिससे उत्पादन घटता है और मौत का जोखिम बढ़ता है. सही देखभाल, ठंडा शेड, साफ पानी और संतुलित आहार देकर किसान इस नुकसान से बच सकते हैं और अपनी कमाई सुरक्षित रख सकते हैं.

नोएडा | Updated On: 27 Mar, 2026 | 07:21 PM

Heat Stress: गर्मी शुरू होते ही इंसानों के साथ-साथ पशुओं की मुश्किलें भी बढ़ जाती हैं. खासकर बकरी पालन करने वाले किसानों के लिए यह समय सबसे ज्यादा चुनौती भरा होता है. तेज धूप और लू का असर सीधे पशुओं की सेहत और उत्पादन पर पड़ता है. अगर समय रहते सही देखभाल न की जाए, तो भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है. लेकिन राहत की बात यह है कि कुछ आसान देसी उपाय अपनाकर इस नुकसान से बचा जा सकता है.

गर्मी में क्यों बढ़ता है खतरा

केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान के पशु विशेषज्ञ डॉ वाई के सोनी के अनुसार, बकरियां गर्मी  के प्रति बहुत संवेदनशील होती हैं. ज्यादा तापमान होने पर इनके शरीर में हीट स्ट्रेस की समस्या हो जाती है. इस स्थिति में पशु कम खाना खाते हैं, ज्यादा पानी पीते हैं और धीरे-धीरे कमजोर होने लगते हैं. इसका सीधा असर उनके उत्पादन पर पड़ता है.  बकरियों का वजन घटने लगता है. अगर समय पर ध्यान न दिया जाए तो यह स्थिति जानलेवा भी हो सकती है.

ठंडा शेड और साफ पानी सबसे जरूरी

गर्मी से बचाव के लिए सबसे जरूरी है कि पशुओं को ठंडी और हवादार जगह मिले. शेड ऐसा होना चाहिए जहां हवा आसानी से आ-जा सके और सीधी धूप अंदर न आए. छत पर घास, बोरी या टाट डालकर तापमान कम किया जा सकता है. पानी की बात करें तो गर्मी में पशुओं को ज्यादा पानी  की जरूरत होती है. हमेशा साफ और ठंडा पानी उपलब्ध कराएं. पानी के बर्तन रोज साफ करना भी जरूरी है, ताकि उसमें कोई कीटाणु न पनपें. छोटे-छोटे ये उपाय पशुओं को बड़ी बीमारियों से बचा सकते हैं.

साफ-सफाई और भीड़ नियंत्रण से मिलेगा बड़ा फायदा

शेड की साफ-सफाई भी बहुत जरूरी है. गंदगी, गोबर और गीला बिछावन तुरंत हटाना चाहिए, क्योंकि इससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है. समय-समय पर शेड में दवा का छिड़काव  करना भी फायदेमंद रहता है. इसके अलावा, पशुओं को ज्यादा भीड़ में न रखें. ज्यादा भीड़ होने से गर्मी और तनाव दोनों बढ़ते हैं, जिससे बीमारी का खतरा और ज्यादा हो जाता है. अगर किसान इन बातों का ध्यान रखें, तो पशु स्वस्थ रहेंगे और उत्पादन भी बेहतर मिलेगा.

लापरवाही से होगा नुकसान, सही देखभाल से बढ़ेगा मुनाफा

गर्मी के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है. हीट स्ट्रेस, पानी की कमी, गंदगी और खराब आहार से पशुओं की सेहत  बिगड़ सकती है और मृत्यु दर भी बढ़ सकती है. लेकिन अगर समय पर सही कदम उठाए जाएं, तो न सिर्फ पशुओं को बचाया जा सकता है, बल्कि उनकी उत्पादन क्षमता भी बढ़ाई जा सकती है. इससे किसानों को अच्छा मुनाफा मिलेगा और नुकसान से बचाव होगा. कुल मिलाकर, गर्मी में थोड़ी अतिरिक्त देखभाल और देसी उपाय अपनाकर किसान अपने पशुधन को सुरक्षित रख सकते हैं और अपनी कमाई भी बढ़ा सकते हैं.

Published: 27 Mar, 2026 | 09:21 PM

Topics: