न घर टूटा, न ताला खुला..तालाब से 4 भैंसें हुईं चोरी, MP में सामने आया हैरान करने वाला मामला
मध्य प्रदेश के जबलपुर में तालाब के पास चरने गईं चार भैंसें अचानक गायब हो गईं. शाम तक घर नहीं लौटने पर पशुपालकों ने तलाश शुरू की, लेकिन सुराग नहीं मिला. करीब 80 हजार रुपये की भैंसों की चोरी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश में चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने गांव वालों के साथ-साथ पुलिस को भी हैरान कर दिया है. आमतौर पर चोरी की घटनाओं में घर, दुकान या वाहन निशाने पर होते हैं, लेकिन यहां तालाब के पास खुले में चर रही चार भैंसें अचानक गायब हो गईं. पशुपालकों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो चोरी की आशंका हुई. अब पुलिस ने मामला दर्ज कर भैंसों और उन्हें ले जाने वाले आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. यह मामला जबलपुर जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहला का है. घटना के बाद गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पशुपालकों को सबसे ज्यादा चिंता इस बात की है कि आखिर चारों भैंसों को कोई एक साथ कैसे ले गया और आसपास किसी को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी.
सुबह तालाब के पास छोड़ी थीं भैंसें
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गांव के एक पशुपालक ने पुलिस को बताया कि 6 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे वह अपनी दो भैंसों को तालाखेड़ा तालाब के पास चरने के लिए छोड़कर आए थे. उसी जगह गांव के और भी पशुपालको ने भी अपनी-अपनी एक-एक भैंस चरने के लिए छोड़ी थी. इस तरह तालाब के पास कुल चार भैंसें चर रही थीं. सुबह के समय सब कुछ सामान्य था और पशुपालकों को किसी तरह का शक भी नहीं था. लेकिन शाम होने तक जब चारों भैंसें अपने घर नहीं पहुंचीं तो पशुपालकों की चिंता बढ़ गई.
खेत, रास्ते और जंगल में भी तलाश
भैंसों के वापस नहीं लौटने पर पशुपालकों और ग्रामीणों ने उन्हें आसपास तलाशना शुरू किया. खेतों से लेकर रास्तों और जंगल के आसपास तक खोजबीन की गई. काफी देर तक तलाश करने के बाद भी चारों भैंसों का कोई पता नहीं चला. जब काफी कोशिश के बाद भी भैंसें नहीं मिलीं तो पशुपालकों को आशंका हुई कि कोई उन्हें चोरी करके ले गया है. इसके बाद पशुपालक ने सिहोरा थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई.
80 हजार की भैंसें, पुलिस ने दर्ज किया केस
शिकायत में चारों भैंसों की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है. अब पुलिस चारों भैंसों की तलाश में जुटी है. इसके साथ ही आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है.
मवेशी कारोबारियों से भी पूछताछ
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं भैंसों को किसी वाहन से दूसरे इलाके में तो नहीं ले जाया गया. इसके लिए आसपास के मवेशी व्यापारियों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस स्थानीय स्तर पर भैंसों की पहचान और उनके संभावित रास्तों की जानकारी जुटा रही है. चारों भैंसों का एक साथ गायब होना इस मामले को और भी खास बना रहा है. फिलहाल पुलिस की कोशिश है कि जल्द से जल्द भैंसों का पता लगाया जाए और इस घटना के पीछे कौन है, इसका खुलासा किया जा सके.